कानपुर में जरीब चौकी के जाम से मिलेगी राहत, 320 करोड़ की फ्लाईओवर परियोजना से बदलेगी यातायात व्यवस्था : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में जरीब चौकी के जाम से मिलेगी राहत, 320 करोड़ की फ्लाईओवर परियोजना से बदलेगी यातायात व्यवस्था : जिलाधिकारी


कानपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में जरीब चौकी शहर के सर्वाधिक यातायात दबाव वाले स्थानों में शामिल है। करीब 320 करोड़ रुपये की फ्लाईओवर और रेल ऊपरगामी सेतु परियोजना पूरी होने से यहां यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

यह बातें बुधवार को जरीब चौकी में निर्माणाधीन परियोजना और सीवर लाइन शिफ्टिंग कार्य का जायजा लेने के दौरान जिलाधिकारी कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं। जरीब चौकी के निकट संपार संख्या-02 स्पेशल पर चार लेन रेल ऊपरगामी सेतु, जीटी रोड पर चार लेन फ्लाईओवर और घंटाघर रोड की ओर दो लेन फ्लाईओवर का निर्माण करीब 320 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। परियोजना को शहर के प्रमुख यातायात दबाव वाले क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जिलाधिकारी ने मौके पर चल रहे सीवर लाइन शिफ्टिंग कार्य की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जल निगम (नगरीय) और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम में तेजी लाने तथा दिसंबर के अंत तक यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इसके बाद राज्य सेतु निगम द्वारा फ्लाईओवर और रेल ऊपरगामी सेतु के मुख्य निर्माण कार्य को गति दी जा सके।

वर्तमान में जरीब चौकी चौराहे पर सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत कालपी रोड पर ममता साड़ी की दुकान से जरीब चौकी तक 591 मीटर लंबी सीवर पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा जरीब चौकी चौराहे से रामादेवी की ओर भाटिया मोटर्स तक 442 मीटर, घंटाघर की ओर वारसी फर्नीचर से जरीब चौकी चौराहे तक 520 मीटर तथा जीटी रोड पर ट्रेंड्स शोरूम से जरीब चौकी चौराहे तक 523 मीटर सीवर लाइन की शिफ्टिंग की जानी है।

परियोजना के तहत रेलवे क्रॉसिंग पर चार लेन रेल ऊपरगामी सेतु के साथ जीटी रोड पर चार लेन और घंटाघर रोड की ओर दो लेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद जरीब चौकी चौराहे पर वाहनों का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यूटिलिटी शिफ्टिंग में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story