जनता की समस्याओं के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं : ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 23 नवंबर (हि.स.)। आम जनता की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभावी परिणाम भी सामने आए। इसी संकल्प के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को अपने आवास पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनसंवाद के दौरान लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और जनहित से जुड़ी समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को फोन कर शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सबकी सेवा, सबका सम्मान ही हमारा ध्येय है। जनसेवा के संकल्प के साथ सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

