अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जनसेवा का सबसे बड़ा उद्देश्य : ब्रजेश पाठक

WhatsApp Channel Join Now
अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जनसेवा का सबसे बड़ा उद्देश्य : ब्रजेश पाठक


लखनऊ, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को अपने आवास पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों से आत्मीय भेंट कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नागरिकों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रकरणों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की तथा समस्याओं के शीघ्र, समयबद्ध, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को नियमानुसार त्वरित राहत उपलब्ध कराई जाए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि “अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारी जनसेवा का सबसे बड़ा उद्देश्य है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनना और उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्रतिबद्धता है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुगमता से पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story