जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है, अफवाहों पर ध्यान नहीं दें : जिलाधिकारी जसजीत कौर

WhatsApp Channel Join Now
जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है, अफवाहों पर ध्यान नहीं दें : जिलाधिकारी जसजीत कौर


बिजनौर, 13 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनाैर की जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शुक्रवार काे जारी बयान में कहा कि एलपीजी सिलेण्डर और पेट्रोल-डीजल की काेई कमी नहीं है। गैस और पेट्राेल-डीजल की कमी का समाचार प्रसारित हो रहा है, जोकि पूरी तरह अफवाह पर आधारित है।

उन्हाेंने कहा कि वर्तमान में बेबुनियाद अफवाहों पर उपभोक्ताओं द्वारा अधिक बुकिंग करने से सर्वर पर अधिक लोड होने के कारण गैस बुकिंग में थाेड़ी समस्या आ रही है। उसे ठीक कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में किसी भी अवैध भंडारण एवं जमाखोरी अथवा कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए आपूर्ति विभाग की टीमें निरंतर जांच कर रही हैं। प्रशासन कड़ी नजर रख रहा है। तेल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों के द्वारा पहले की अपेक्षा सप्लाई में बढ़ाेतरी की सूचना दी गई है।

उन्होंने आमजन का आह्वान किया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। जिलें में गैस एवं पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। एक बातचीत में जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में 12 मार्च तक एलपीजी का स्टाक 35 हजार 665 सिलेंडर था जिसमें से गत दिवस गुरुवार को 13 हजार 934 सिलेंडर की बिक्री की गई। जनपद में गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है तथा निरंतर गैस की आवक भी एजेंसी पर बनी हुई है। वहीं पूर्ति विभाग की टीम जनपद में प्रत्येक एजेंसी पर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story