जंघई रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना निकली अफवाह, सूचना देने वाले की तलाश में पुलिस
जौनपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जाैनपुर जिले में मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित जंघई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह बम की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची जीआरपी-आरपीएफ पुलिस ने बम निराेधक दस्ता के साथ तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया एक सूचना मिली कि जंघई रेलवे स्टेशन पर एक लावारिस ट्रॉली बैग से बम जैसी आवाज आ रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मीरगंज, चौकी प्रभारी जंघई, जीआरपी प्रभारी समेत पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और परिसर के अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध ट्रॉली बैग या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। सूचना देने वाले व्यक्ति ने बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। प्रारंभिक जांच में सूचना असत्य प्रतीत हो रही है। इसके बावजूद सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए आरपीएफ की सूचना पर प्रयागराज से बम निरोधक दस्ता भी मौके के पर पहुंच गया। फिलहाल जंघई रेलवे स्टेशन पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और रेल संचालन सुचारु रूप से जारी है। पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि सूचना झूठी साबित होती है, तो अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

