जांच टीम ने जन सेवा केंद्र पर अवैध रूप से बनाते पकड़े आधार कार्ड

WhatsApp Channel Join Now
जांच टीम ने जन सेवा केंद्र पर अवैध रूप से बनाते पकड़े आधार कार्ड


बिजनौर 21 फरवरी (हि स.) | शिकायत पर कार्रवाई करते हुए डीएम द्वारा गठित जांच टीम ने हल्दौर तथा नगीना में संचालित दो जन-सेवा केन्द्रों पर अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने पर अभिलेख ज़ब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए यूआइडीएआइ के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ को रिपोर्ट भेजी है |

उक्त जानकारी जिलाधिकारी जगजीत कौर ने देते हुए बताया कि नगीना एवं हल्दौर में अवैध रूप से आधार कार्ड बनाए जाने तथा संशोधन कार्य किए जाने की शिकायत प्राप्त होने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नगीना के नायब तहसीलदार तथा हल्दौर में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एवं नायब तहसीलदार सदर द्वारा संयुक्त रूप से जांच कराई गई। जांच में शिकायत दुरुस्त पाए जाने पर तत्काल मशीन एवं अभिलेखों को जब्त कर अतिरिक्त जांच के लिए यूएआईडी के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ को प्रेषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि तहसील नगीना गेट के पास अवैध रूप से संचालित जनसेवा केंद्र में ऑनलाइन आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। तहसीलदार द्वारा मशीन तथा वहां मौजूद सामग्री को जब्त कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि दूसरे प्रकरण में हल्दौर स्थित पेट्रोल पंप के पास जन सेवा केंद्र पर अवैध रूप से आधार नामांकन एवं संशोधन कार्य करने की शिकायत प्राप्त होने पर उसकी जांच जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, नायब तहसीलदार सदर तथा डिस्टिक मैनेजर सीएससी द्वारा संयुक्त रूप से कराई गई। जांच के दौरान संज्ञान में आया कि बिना अनुमति के आधार कार्ड नामांकन एवं संशोधन का कार्य किया जा रहा है तथा जांच के दौरान यह भी पाया गया कि नामांकन संशोधन कार्य के लिए प्रति व्यक्ति ₹300 से 500 तक वसूल किया जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके निर्देशों के क्रम में उक्त जन सेवा केंद्रों को संचालित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है तथा जन सेवा केंद्र पर जब्त की गई अभिलेखों को अतिरिक्त जांच के लिए यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ को प्रेषित कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story