जन्मदिन पर केक लेने निकला किशोर, पिकअप की चपेट में आने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
जन्मदिन पर केक लेने निकला किशोर, पिकअप की चपेट में आने से मौत


हाथरस, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में जन्मदिन पर एक किशोर के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्त के साथ जन्मदिन का केक लेने निकले किशोर को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनाें ने बताया गया कि किशोर अपने जन्मदिन को लेकर उत्साहित था और दोस्त के साथ केक लेने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जिस दिन घर में जन्मदिन की खुशियां मनाने की तैयारी थी, उसी दिन परिवार को किशोर की मौत की खबर मिली। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंच गए।हादसे के बाद किशोर के शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद शव को उसके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

घटना के संबंध में पुलिस द्वारा हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है। पिकअप वाहन और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी की जा रही है। हादसे के कारणों और वाहन चालक की स्थिति को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story