सपा सरकार में नवरात्र पर 2 घंटे और बकरीद पर 24 घंटे लाइट आती थी: स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सपा सरकार में नवरात्र पर 2 घंटे और बकरीद पर 24 घंटे लाइट आती थी: स्वतंत्र देव सिंह


जालौन, 13 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रविवार को जालौन पहुंचे उन्होंने यहां पर विलुप्त हो रही नून नदी के जीर्णोद्धार को लेकर महा अभियान छेड़ा है। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ स्थानीय लोगों ने बढ़कर भागीदारी की है। वहीं उन्होंने यहां के स्थानीय अधिकारियों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां के अधिकारी जल संचयन को लेकर बेहतर काम कर रहे हैं। उन्होंने योगी सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि आज हर वर्ग के लोगों को सरकार की समस्त योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हमारा काम सबका साथ सबका विकास कराना है। दंगे फसाद कराना नहीं, वहीं, उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा शासनकाल में नवरात्र में 2 घंटे और बकरीद पर 24 घंटे लाइट आती थी।

दरअसल, सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का रविवार को जनपद दौरा था। यहां पर उन्होंने विलुप्त हो रही नून नदी के संरक्षण को लेकर महा अभियान छेड़ा। इस महाअभियान कार्यक्रम के तहत उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी 'अटल भू-जल योजना' ने राज्य के जल संकट को दूर करने में सफलता हासिल की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों, जिनमें जालौन, बागपत, समली आदि शामिल हैं। इन जिलों में जलस्तर में भारी वृद्धि हुई है। जिससे क्षेत्र के हजारों गांवों को लाभ मिला है।

बढ़ गया भू-गर्भ का जल स्तर

उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक इस क्षेत्र में गर्मियों में पानी की भारी किल्लत होती थी। हैण्डपंप सूख जाते थे, नलों में पानी नहीं आता था, और कुएँ तक सूखने लगे थे। लेकिन योगी सरकार द्वारा चलाई गई अटल भू-जल योजना के तहत बड़े पैमाने पर तालाबों, नहरों और जलाशयों का निर्माण और जीर्णोद्धार किया गया। साथ ही, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। आज इसका परिणाम स्पष्ट दिखाई दे रहा है। जहां पहले जलस्तर 200-250 फीट नीचे चला गया था, वहीं अब यह 50-60 फीट तक ऊपर आ गया है। कई स्थानों पर तो नल और हैण्डपंप स्वत: चलने लगे हैं।

अटल योजना से पुनर्जीवित हुई नदियों की जलधारा

इस दौरान उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सूख चुकी नदियों और जलधाराओं को पुनर्जीवित करने का भी प्रयास किया गया है। जालौन जिले के अलावा बरुआ सागर नदी और बागपत की कृष्णी नदी जैसी कई छोटी-बड़ी नदियों को फिर से प्रवाहित किया गया है। कई स्थानों पर तालाबों को गहरा करके उनमें वर्षा जल संरक्षण किया गया। इस योजना के सफल क्रियान्वयन के पीछे प्रशासनिक अधिकारियों की मेहनत भी रही है और वह जल संरक्षण को लेकर गंभीर हैं और इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।

सरकार का लक्ष्य सबका-साथ, सबका-विकास

उन्होंने सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि, योगी सरकार ने अपने कार्यकाल में गरीबों के कल्याण, गाँवों में पक्की सड़कें, शौचालय, नल जल योजना और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

Share this story

News Hub