प्रचंड बहुमत से 2027 में भी खिलेगा कमल : स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रचंड बहुमत से 2027 में भी खिलेगा कमल : स्वतंत्र देव सिंह


प्रयागराज, 25 फरवरी (हि.स)। उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का बुधवार को प्रयागराज आगमन हुआ। संगठन के द्वारा निर्धारित कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए और संगठनात्मक कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने एस आई आर अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों से ली।

भाजपा प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि बैठक के उपरांत प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं से भेंट किया और होली की अग्रिम शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि एस आई आर अभियान का कार्य जब तक पूर्ण न हो जाए तब तक विश्राम नहीं करना है। 2027 का विधान का चुनाव अब ज्यादा दिन दूर नहीं है और हमारा सिर्फ एक लक्ष्य होना चाहिए कमल, कमल सिर्फ कमल खिलाना। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच में जाना है और चर्चा करते रहना है। उन्होंने कहा कि 2017 और 2022 की तरह 2027 में भी प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलेगा और अखिलेश यादव का सत्ता प्राप्त करने का सपना मुंगेरीलाल के जैसा होगा।

प्रभारी मंत्री ने एआई समिट के दौरान कांग्रेस के द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन को लेकर कहा कि एआई समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अपने कपड़े उतारकर किया गया निहायत ही घटिया विरोध प्रदर्शन भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ कतई नहीं था। दरअसल, यह प्रदर्शन अपनी कांग्रेस की हालत बताने के लिए था, कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने उनकी पार्टी (कांग्रेस) को कहां से कहां पहुंचा दिया है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेई, दीपक पटेल, राजमणि कोल, पियूष रंजन निषाद, गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, राजेश केसरवानी, विवेक अग्रवाल, प्रमोद मोदी, विजय श्रीवास्तव, अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story