542 गांवों में घर-घर पहुंचा नल से जल, ग्रामीणों को मिली पानी की किल्लत से राहत

WhatsApp Channel Join Now
542 गांवों में घर-घर पहुंचा नल से जल, ग्रामीणों को मिली पानी की किल्लत से राहत


542 गांवों में घर-घर पहुंचा नल से जल, ग्रामीणों को मिली पानी की किल्लत से राहत


जल जीवन मिशन के तहत 542 गांवों का हुआ जलार्पण, 154 गांवों में वाटर टेस्टिंग जारी

औरैया, 20 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट दूर करने की दिशा में जल जीवन मिशन महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। योजना के तहत जिले के 542 गांवों में घर-घर नल से जल पहुंचाया जा रहा है। इन गांवों का जलार्पण भी किया जा चुका है। इससे ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है। वहीं, पानी के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य जलस्रोतों पर निर्भरता भी कम हुई है।

औरैया जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी रही है। खासकर बुंदेलखंड से जुड़े सदर ब्लॉक क्षेत्र में गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनती रही है। ऐसे में जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक नल से जल पहुंचाने की पहल ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आई है।

जिले में कुल 768 गांव हैं। इनमें से 542 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था शुरू हो चुकी है और उनका जलार्पण किया जा चुका है। इसके अलावा 154 गांवों में वाटर टेस्टिंग (ट्रायल रन) का काम चल रहा है, जबकि 29 गांवों में निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं, पुरानी योजना से संचालित गुनौली, खुर्दा और उमरी गांवों में ट्यूबवेल दुरुस्त होने के बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह तक जलापूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।

महिलाओं को मिली बड़ी राहत।

योजना लागू होने से ग्रामीण परिवारों को पानी के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य जलस्रोतों तक नहीं जाना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं को सिर पर पानी ढोने और घंटों इंतजार करने की समस्या से राहत मिली है। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निपटने में भी यह योजना मददगार साबित हो रही है।

जल संरक्षण के प्रति किया जा रहा जागरूक।

जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घरों तक पानी पहुंचाना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन स्तर को बेहतर बनाना और लोगों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना भी है। इसके साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल संचयन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पानी की बर्बादी रोकने और नियमित जलापूर्ति बनाए रखने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।

गांव-गांव पहुंची जल निगम की टीम

उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि विभागीय टीमों ने गांव-गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण, सर्वेक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन का काम किया है। जल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है। ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य और इसके संचालन की जानकारी भी दी गई है। जल जीवन मिशन के तहत शेष बचे कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है, ताकि सभी गांवों में नियमित रूप से पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780135 Articles

Share this story