उत्तम क्षमा पर्व के साथ दिगंबर जैन समाज का पर्व राज पर्यूषण पर्व शुरू

WhatsApp Channel Join Now
उत्तम क्षमा पर्व के साथ दिगंबर जैन समाज का पर्व राज पर्यूषण पर्व शुरू


मुरादाबाद, 17 सितंबर (हि.स.)।

पीतल नगरी मुरादाबाद में आज दिगंबर जैन समाज के पर्व राज पर्यूषणपर्व का प्रारंभ हुआ। प्रथम दिवस (प्रथम पर्व) उत्तम क्षमा पर्व के रूप में मनाया गया।

पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर लोहागढ़ में भगवान का प्रथम अभिषेक करने का सौभाग्य जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष अनिल जैन-शशि, अंकित-प्रियंका, सानवी, वियान जैन परिवार को प्राप्त हुआ।

प्रथम चतुर्थ कलश नितिन, अतिशय, विवेक, अशोक जैन को प्राप्त हुआ। तत्पश्चात मंदिर में भक्ति भाव से पूजन की क्रियाएँ हुई। संध्या में मंदिर में भगवान की आरती का कार्यक्रम सुभाष जैन के द्वारा हुआ जिसमें फर्रुखाबाद से पधारे संगीतकार अजीत जैन ने अपनी धुनों से सभी का मन मोह लिया।

तत्पश्चात मध्य प्रदेश के जिला अशोकनगर से पधारे शास्त्री प्रासु जैन ने सभी को उत्तम क्षमा धर्म का महत्व बताया। उन्होंने कहा जैन सिद्धांतों में धर्मों में सबसे महत्वपूर्ण यदि कोई धर्म है तो वह उत्तम क्षमा धर्म है। क्षमा वीरस्य भूषणम अर्थात - क्षमा वीरों का आभूषण है, क्षमा करके हम किसी पर कृपा नहीं करते बल्कि स्वयं पर ही कृपा करते है,स्वयं के मन को ही शांत करते है।

मंदिर जी में दीक्षा जैन एवं दीप्ति जैन द्वारा विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की भजन प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें समाज के सभी वर्गों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया गया। प्रतियोगियों को सुशील-ममता परिवार द्वारा सम्मानित किया गया। मंदिर में तीन लक्की ड्रॉ का भी आयोजन किया गया जिसके प्रायोजक आशु, मनीष, सुभाष जैन परिवार रहें।

जैन समाज के अध्यक्ष राजीव जैन द्वारा सभी का धन्यवाद किया गया।इस अवसर पर मंत्री अरविंद जैन व उनकी समस्त कार्यकारणी, महिला जैन समाज अध्यक्षा ममता जैन, मंत्री गौरी जैन व उनकी समस्त कार्यकारणी व समाज के बड़ी संख्या में महिला व पुरुष जैन समाज मौजूद रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story