माइग्रेन से परेशान होकर महिला बंदी रक्षक ने की खुदकुशी
बांदा, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में माईग्रेन (सिर दर्द) की समस्या से परेशान होकर महिला बंदी रक्षक ने खुदकुशी कर ली। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो डॉक्टरों के पैनल ने बुधवार काे वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम किया।
झांसी जिले के डडिया पुरवा नारायण बाग शिवाजी नगर निवासी 30 वर्षीय भारती पाल पुत्री लखन पाल मंडल कारागार में बंदी रक्षक के पद पर तैनात थी। सोमवार की रात उसकी नाइट डयूटी थी। मंगलवार की दोपहर ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने सरकारी रूप पर आई। कुछ देर के बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर साथी सिपाहियों ने देखा तो उसे उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने देखने के बाद उसे रानी दुर्गावती मेंडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता ने बताया कि भारती पाल वर्ष 2021 में बंदी रक्षक के पद पर भर्ती हुई थी। पहली पोस्टिंग बांदा के मंडल कारागार में हुई थी। वह माईग्रेन (सिरदर्द) की समस्या से परेशान थी। उसका झांसी में इलाज चल रहा था। वह एक सप्ताह पहले इलाज करवाकर बांदा आई थी। पिता का कहना था कि बीमारी से परेशान होकर उसने जहर खा कर खुदकुशी की है। मृतका तीन बहनों में बड़ी थी। उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके दो भाई है। अचानक हुई इस घटना से मां मैना देवी का रो रो कर बुरा हाल हो गया। डाक्टर देवेश माथुर, डॉक्टर विकास दीप बिल्हाटिया के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम किया।
अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री मेविस टॉक ने बुधवार को बताया कि थाना कोतवाली नगर पर सूचना प्राप्त हुई कि जिला कारागार बांदा परिसर में नियुक्त एक कर्मचारी जेल वार्डन ने जेल परिसर में बने आवास में जहर खा लिया है। जेल के कर्मचारियों द्वारा उसे उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया जहां पर इलाज के दौरान उस महिला की मृत्यु हो गई । डाक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

