राजा कंसा पासी के किले की मुक्ति के लिए यात्रा निकालेगी लाखन आर्मी

WhatsApp Channel Join Now
राजा कंसा पासी के किले की मुक्ति के लिए यात्रा निकालेगी लाखन आर्मी


लखनऊ, 04 जून (हि.स.)। लखनऊ के मलिहाबाद स्थित राजपासी राजा कंसा के किले और भगवान शिव मंदिर की मुक्ति के लिए लाखन आर्मी प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलायेगी। लाखन आर्मी के अध्यक्ष सूरज पासी ने गुरूवार को लखनऊ प्रेसक्लब में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि जन जागरण यात्रा 09 जून को हरदोई से प्रारम्भ होगी। प्रदेश के 31 जिलों से होते हुए 09 जुलाई को लखनऊ में यात्रा का समापन होगा।

सूरज पासी ने कहा कि राजपासी राजा कंसा के ऐतिहासिक किले और भगवान शिव मंदिर की मुक्ति एवं संरक्षण का प्रश्न पूरे पासी समाज की अस्मिता और सम्मान से जुड़ा हुआ है। लाखन आर्मी जागरूकता अभियान के साथ—साथ ऐतिहासिक दस्तावेजों, राजस्व अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कानूनी स्तर पर भी अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि राजपासी राजा कंसा की विरासत, उनके ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव मंदिर के सम्मान की रक्षा के लिए संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर हर संभव प्रयास करेगा।

सूरज पासी ने कहा कि लाखन आर्मी समाज के साथ—साथ सभी सनातनी हिन्दुओं को इस मुहिम से जोड़कर राजपासी राजा कंसा के ऐतिहासिक किले की गरिमा की पुन:स्थापना तथा उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर को मुक्त कराने के लिए जन समर्थन जुटाएगी।

लाखन आर्मी अध्यक्ष ने बताया कि यात्रा के लिए विशेष रथ तैयार किया गया है। रथ पर भगवान शिव, राजा कंसा पासी और पासी समाज के गौरवशाली इतिहास से जुड़े चित्र प्रदर्शित किए जायेंगे। रथ पर रखे विशेष मटकों में लोग अपने गांव की चुटकी भर मिट्टी अर्पित करेंगे।

इन जनपदों से गुजरेगी जन जागरण यात्रा

यात्रा की शुरूआत हरदोई से होगी। इसके बाद उन्नाव, कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर के बाद वाराणसी पहुँचेगी। इसके बाद जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, महराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, गोण्डा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सीतापुर व बाराबंकी होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। यात्रा के दौरान जनसभाएं, चौपाल, समाज संवाद और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। यात्रा का समापन लखनऊ में आयोजित पासी स्वाभिमान महासम्मेलन के साथ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story