समाज को लगातार कमजोर कर रही छुआ-छूत एवं ऊँच-नीच की भावना : मीरा कुमार

WhatsApp Channel Join Now
समाज को लगातार कमजोर कर रही छुआ-छूत एवं ऊँच-नीच की भावना : मीरा कुमार


लखनऊ, 04 अप्रैल (हि.स.)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ में ‘‘समकाकलीन भारत में बाबू जगजीवन राम की प्रासंगिकता’ विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने कहा कि छुआ-छूत, ऊँच-नीच की भावना समाज रूपी पेड़ में अमर बेल की तरह लिपटी हुई है जो समाज को लगातार कमजोर कर रही है, हमें अब इससे ऊपर उठकर देश के विकास के बारे में सोचना होगा।

मीरा कुमार ने कहा कि आजादी की लड़ाई में दलितों को एक दिशा देते हुए स्वतंत्रता संग्राम में शामिल कराना और वंचितों और दलितों के मन में देश भावना की ज्योति जलाना बाबू जगजीवन राम का मुख्य कार्य रहा। देश के कृषि मंत्री के रूप में कार्य करते हुए भारत से भुखमरी दूर करने के लिए हरित क्रांति जैसी योजना को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने उन्नत बीज, रासायनिक उर्वरकों और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया, जिससे देश में खाद्यान्न उत्पादन में भारी वृद्धि हुई।

मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो0 रतन लाल ने बाबू जगजीवन राम के राजनीतिक व्यतित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबू जगजीवन राम जी दलितों, वंचितों की लड़ाई लड़ने वाले सच्चे सिपाही थे। उन्होंने बिहार में किसानों एवं मजदूरों को संगठित कर आंदोलन चलाया। स्वतंत्रता के बाद वह संविधान सभा के सदस्य बने और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रो. रतन लाल ने बताया कि 1971 के भारत-पाक युद्ध में बतौर रक्षामंत्री रहते हुए सेना को खुली छूट दी, 13 दिनों के युद्ध के पश्चात पाकिस्तान की हार हुई और बांगलादेश पाकिस्तान से अलग हुआ। बाबूजी ने कभी अपनी पहचान सिर्फ दलित नेता के रूप में सीमित नहीं किया बल्कि पूरे देशहित में कार्य किया। उन्होंने अस्पृश्यता निवारण अधिनियम 1955 बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दलितों, मजदूरों, किसानों के उत्थान के लिए निरंतर लड़ाई लड़ते रहे।

बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया ने गोष्ठी के विषय का प्रतिपादन किया। संगोष्ठी का संयोजन और संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई नेता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story