हारी हुई सीटों पर बूथ स्तर तक पहुंचें, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाएं : जगदीश ईश्वर भाई पटेल

WhatsApp Channel Join Now
हारी हुई सीटों पर बूथ स्तर तक पहुंचें, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाएं : जगदीश ईश्वर भाई पटेल


कानपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था, वहां संगठन को विशेष रणनीति के साथ काम करना होगा। पदाधिकारी बूथों पर प्रवास बढ़ाएं और कार्यकर्ताओं के साथ आमजन से लगातार संवाद स्थापित करें। संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से ही सुनिश्चित होगी। यह बातें भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने सोमवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठकों में कही।

क्षेत्रीय कार्यालय में दिनभर चली बैठकों में क्षेत्र के सभी 17 जिलों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, पूर्व जिला अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें हुईं। इनमें बूथ प्रबंधन, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की गई।

पटेल ने पदाधिकारियों से बूथ समितियों को सक्रिय रखने, संगठनात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा करने और तय जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा। प्रयागराज-झांसी सहित संबंधित स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाने और चुनाव संबंधी गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उन्होंने ने विपक्षी इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर विदेशी शक्तियों के इशारे पर काम करने और देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने पदाधिकारियों से विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने की, जबकि संचालन आनंद सिंह ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, प्रदेश मंत्री किरन लोधी, आदित्य त्रिवेदी, शिव सिंह भारती, नीतू सिंह, पवन प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान, रेणुका सचान, सुनील साहू और अजीत छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story