देशभक्ति के रंग में रंगा फूलबाग, आईटीबीपी बैंड की धुनों से गूंजा आसमां

WhatsApp Channel Join Now
देशभक्ति के रंग में रंगा फूलबाग, आईटीबीपी बैंड की धुनों से गूंजा आसमां


कानपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। देशभक्ति केवल किसी एक दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन में देश के प्रति जिम्मेदारी, कर्तव्य और समर्पण के रूप में दिखाई देनी चाहिए। आईटीबीपी के जवान कठिन परिस्थितियों में सीमाओं की सुरक्षा के साथ ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से भी लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत कर रहे हैं। यह बातें जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।

आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर रविवार को फूलबाग चौराहा देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 32वीं वाहिनी के बैंड ने यहां देशभक्ति से ओतप्रोत सांगीतिक प्रस्तुति देकर शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम का जज्बा जगाया। बैंड की धुनें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए।

कार्यक्रम में आईटीबीपी बैंड ने ‘मां तुझे सलाम’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, वह भारत देश है मेरा’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों, जरा आंख में भर लो पानी’ सहित कई देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ‘मां तुझे सलाम’ और ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजते ही पूरा फूलबाग चौराहा देशभक्ति के रंग में रंग गया। लोगों ने तालियों से जवानों का उत्साह बढ़ाया।

‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। वीर जवानों और शहीदों को समर्पित इस गीत के दौरान कई लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, वह भारत देश है मेरा’ की धुन ने देश की गौरवशाली परंपरा और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत किया।

कार्यक्रम में अन्य लोकप्रिय देशभक्ति गीतों की धुनों ने भी लोगों को आकर्षित किया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। आईटीबीपी जवानों की अनुशासित और जोशीली प्रस्तुति पर लगातार तालियां गूंजती रहीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग, बलिदान तथा संघर्ष का परिणाम है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि फूलबाग से गंगा बैराज तक शहर के प्रमुख स्थानों पर आईटीबीपी बैंड की ओर से पांच दिनों तक विभिन्न सांगीतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और बच्चों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय एकता-अखंडता तथा देश के वीर जवानों के बलिदान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में आईटीबीपी के कमांडर, अपर जिलाधिकारी नगर समेत विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story