उच्चाधिकारियों ने साझा की नये आयकर अधिनियम की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
उच्चाधिकारियों ने साझा की नये आयकर अधिनियम की जानकारी


--आयकर जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान कार्यक्रम का हुआ आयोजन

प्रयागराज, 05 फरवरी (हि.स)। केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड द्वारा जारी पत्र 07 जनवरी, 2026 के अनुपालन में मजहर अकरम, आयकर आयुक्त (छूट), लखनऊ के निर्देशन तथा अपर आयकर आयुक्त (छूट), लखनऊ डॉ. प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में आयकर अधिकारी (छूट) इलाहाबाद देवेश कुमार सिंह द्वारा आयकर जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार काे संगमनगरी में किया गया। कार्यक्रम में मिर्जापुर, सोनभद्र, फतेहपुर, कौशाम्बी तथा प्रयागराज के ट्रस्ट व सोसायटी संचालको तथा सी.ए एसोसिएशन, इलाहाबाद एवं बार एसोसिएशन ने भाग लिया। कार्यक्रम में नये आयकर अधिनियम की जानकारी साझा की गयी।

मुख्य अतिथि अपर आयकर आयुक्त डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि देश में 01 अप्रैल 2026 से नया आयकर अधिनियम प्रभावी होने जा रहा है, जो पुराने आयकर अधिनियम, 1961 की जगह लेगा। नए आयकर अधिनियम में आयकर (छूट) प्राप्त कर रहे गैर लाभकारी संगठन जैसे धर्मार्थ एवं शैक्षिक संस्थाओं से सम्बंधित नियमों में आधारभूत परिवर्तन किये गये हैं। इन संस्थाओं की समस्याओं पर सहानुभतिपूर्वक विचार करते हुए इनमें सम्बंधित नियमों को सरल, सहज बनाया गया है और इनसे सम्बंधित समस्त नियमों को आयकर अधिनियम, 2025 के भाग XVII बी में एकत्रित कर दिया गया है। गैर लाभकारी संगठनों से सम्बंधित सम्पूर्ण भाग को 7 उपभागों में विभाजित किया गया है। जिसमें पंजीकरण, आय, वाणिज्यिक गतिविधियां, अनुपालन, उल्लंघन, दान की पात्रता के प्रयोजनों के लिए पंजीकरण और व्याख्या के प्रावधान शामिल है। सरकार द्वारा न सिर्फ नये अधिनियम को सरल, सहज बनाया गया अपितु इनसे जुड़े नियामक अनुपालन में भी कमी गयी है। इसके परिणाम स्वरूप मुकदमेबाजी में कमी आयेगी और अनुपालन को आसान बनाने में मदद मिलेगी।

इस दौरान मुख्य अतिथि अपर आयकर आयुक्त डॉ. प्रीति सिंह, कर वसूली अधिकारी (छूट) मुख्यालय लखनऊ वी.एन. सिंह, आयकर अधिकारी (छूट) व देवेश कुमार सिंह, आयकर निरीक्षक अरूण कुमार शुक्ला, आयकर निरीक्षक नीलम मौर्या, आशीष जायसवाल, वरूण आलवानी, आयुष कुमार, ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव, शुभम मालवीय, रविंद्र गौड़ पुरुषोत्तम शर्मा, सीए एन.सी अग्रवाल, सी.ए सास्वत सिंघल, सी.ए शिव कुमार जायसवाल, डॉ पवन जायसवाल, ऋषि कोहली, सी.ए संजय खंडूजा, सी.ए आर.सी. अग्रवाल, एडवोकेट अतुल साहू, अरविंद मिश्रा, एसके योगेश्वर एवं इलाहाबाद बार एसोसिएशन मिर्जापुर, सोनभद्र, फतेहपुर, कौशाम्बी तथा इलाहाबाद के ट्रस्ट व सोसायटी के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story