आईपीएस पुष्कर वर्मा के सामने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की चुनौती

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएस पुष्कर वर्मा के सामने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की चुनौती


फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। शासन ने बुधवार काे बडे़ पैमाने में पुलिस अफसराें के तबादले किए हैं।इस सूची में जिले के भी एक अधिकारी का नाम शामिल है। फर्रुखाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात डॉ. गिरीश कुमार सिंह का स्थानांतरण अलीगढ़ हुआ है, जबकि उनकी जगह पर 2021 बैच के युवा आईपीएस अधिकारी पुष्कर वर्मा को फर्रुखाबाद का नया अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। अब तक प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे पुष्कर वर्मा के सामने जिले में अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस की कार्यप्रणाली में और अधिक सक्रियता लाने की चुनौती होगी।

फर्रुखाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात डॉ. गिरीश कुमार सिंह का स्थानांतरण अलीगढ़ कर दिया गया है। उन्हें वहां अपर पुलिस अधीक्षक अपराध की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुष्कर वर्मा की तैनाती को जिले की पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। युवा जोश, पुलिस कमिश्नरेट में काम करने का अनुभव और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन उनकी कार्यशैली के अहम पक्ष हैं। फर्रुखाबाद में अब उन्हें अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के साथ संगठित अपराध, चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में काम करना होगा। थानों की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त रखना, पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करना और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहने की उम्मीद है।

हरियाणा के पानीपत निवासी पुष्कर वर्मा का जन्म 9 नवंबर 1996 को हुआ था। उनके पिता का नाम राकेश कुमार वर्मा है। वर्ष 2021 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी पुष्कर वर्मा ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की है। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में स्थान बनाया। 28 मार्च 2022 को उन्होंने आईपीएस सेवा में प्रवेश किया और 28 मार्च 2024 को उनकी सेवा की पुष्टि हुई।

प्रशिक्षु अधिकारी से पुलिस कमिश्नरेट तक का अनुभव

पुष्कर वर्मा अपने सेवाकाल में सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु), सहायक पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। 19 मार्च 2025 को उन्हें प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी मिली थी।

---------------

-

-

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story