जेई के खिलाफ जांच में ठेकेदार ने दोहराया मारपीट का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
जेई के खिलाफ जांच में ठेकेदार ने दोहराया मारपीट का आरोप


27 की शाम जेई पर लगा था मजदूरों से मारपीट का आरोप

मुरादाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। पाकबड़ा क्षेत्र में एमडीए के जेई व उसकी टीम की ओर से निर्माण मजदूरों के साथ मारपीट करने के मामले की जांच करने के लिए मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडेे ने ठेकेदार सुनील कुमार के बयान दर्ज किए। जिसमें ठेकेदार ने मारपीट किए जाने की बात दोहराई है।

पाकबड़ा क्षेत्र के लोदीपुर राजपूत में सीएनजी पंप के सामने दुकानों का निर्माण करते समय 27 फरवरी की शाम को एमडीए के जेई देवेंद्र सिंह हाथ में डंडा लेकर पहुंचे थे। ठेकेदार सुनील कुमार ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से की गई शिकायत में आरोप लगाया था कि जेई व उनकी टीम के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी, जिसके कारण दूसरी मंजिल से दो मजदूर नीचे गिर कर चोटिल हो गए थे। कई दिनों अस्पताल में रहने के बाद अब मजदूर अपने घर पर हैं लेकिन मजदूरी नहीं कर पा रहे हैं।

इस पर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने इस मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ हाइवे को सौंपी। इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट ने आज शाम शिकायतकर्ता सुनील कुमार को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए। सुनील कुमार ने फिर मजदूरों के साथ हुई घटना को दोहराया है। जांच अधिकारी मजदूरों के बयान भी दर्ज कर रहे हैं, चोटिल श्रमिकों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।

जांच अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दर्ज बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story