योग केवल एक दिवस नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं जागरूक जीवन का आधार : परमार्थ त्रिवेणी

WhatsApp Channel Join Now
योग केवल एक दिवस नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं जागरूक जीवन का आधार : परमार्थ त्रिवेणी


--प्रयागराज में भव्य अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव सम्पन्न

प्रयागराज, 21 जून (हि.स)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार काे प्रयागराज में स्वामी चिदानंद सरस्वती के आशीर्वाद एवं प्रेरणा से परमार्थ त्रिवेणी आश्रम द्वारा आयोजित “अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव” सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योग, ध्यान, वैदिक यज्ञ, संगीत एवं आध्यात्मिकता के अनूठे समन्वय ने उपस्थित जनसमूह को एक दिव्य एवं अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया।

इस अवसर पर ऋषि कुमार एवं विशिष्ट अतिथियों ने विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण एवं मानव कल्याण की कामना के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित की। गुग्गल, लोहबान एवं अन्य औषधीय सामग्री से सम्पन्न हवन के कारण सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सुगंध से भर उठा।

शास्त्रीय संगीत के साथ प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। जिसके पश्चात ऋषि कुमार द्वारा योग एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित प्रेरणादायी प्रस्तुति दी गई। इसके बाद कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें लाइव भजन, योग संगीत, प्राणायाम एवं ध्यान का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं भावनात्मक क्षण वह रहा जब ध्यान सत्र से पूर्व स्वामी चिदानंद सरस्वती के आशीर्वाद स्वरूप सभी प्रतिभागियों को रुद्राक्ष माला धारण कराई गई। रुद्राक्ष माला धारण कर हजारों लोगों द्वारा सामूहिक रूप से किए गए ध्यान एवं ओम् जप ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक चेतना से भर दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों, योगाचार्यों, स्वयंसेवकों तथा युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। आयोजन में 40 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं डिजिटल क्रिएटर्स भी उपस्थित रहे। जिन्होंने कार्यक्रम की व्यापक कवरेज की। सैकड़ों वीडियो, रील्स एवं सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह आयोजन पूरे जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना रहा।

सम्मान समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, योगाचार्यों, संचालकों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने इस आयोजन को योग, संस्कृति और आध्यात्मिकता के क्षेत्र में एक अभिनव एवं प्रेरणादायी पहल बताया।

आयोजन समिति ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और पूज्य स्वामी जी के आशीर्वाद से यह महोत्सव ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर सका। इस अवसर पर आयोजकों ने संकल्प व्यक्त किया कि भविष्य में भी योग, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार हेतु ऐसे जनजागरण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story