हर क्षेत्र में महिलाएं निभा रहीं अहम भूमिका : पुलिस उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
हर क्षेत्र में महिलाएं निभा रहीं अहम भूमिका : पुलिस उपायुक्त


कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय, प्रशासन और सुरक्षा समेत लगभग हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। समाज के विकास में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है और महिलाओं को जागरूक व आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

यह बातें रविवार को पुलिस उपायुक्त लाइन शिवा सिंह ने कहीं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में एनजीओ से जुड़ी महिलाएं, शिक्षिकाएं, अधिवक्ता, डॉक्टर और पुलिस विभाग की महिला कर्मी शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं आज लगभग हर क्षेत्र में सक्रिय हैं और अपनी मेहनत व प्रतिभा के बल पर नई पहचान बना रही हैं। इस अवसर पर महिलाओं को आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए कमिश्नरेट पुलिस की ओर से विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से कहा गया कि वे शिक्षा और आत्मविश्वास के बल पर अपने लक्ष्य तय करें और उन्हें हासिल करने के लिए आगे बढ़ें। साथ ही महिलाओं को यह भरोसा दिलाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story