कानपुर में 27 काे दाे दिवसीय प्रवास पर आएंगे विहिप के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में 27 काे दाे दिवसीय प्रवास पर आएंगे विहिप के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे


कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। रामोत्सव के माध्यम से समाज में सांस्कृतिक जागरण और समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ संगठनात्मक गतिविधियों को भी गति दी जा रही है। यह बातें मंगलवार को विश्व हिन्दू परिषद के कानपुर प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे के प्रस्तावित प्रवास की जानकारी देते हुए कहीं।

उन्होंने बताया कि मिलिंद परांडे का कानपुर में दो दिवसीय प्रवास निर्धारित है, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों के माध्यम से संगठन को मजबूत किया जाएगा।

प्रवास के दौरान “जहां समिति, वहां कार्यक्रम” की भावना के तहत चल रहे रामोत्सव कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और आगामी आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

साथ ही विभिन्न बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन भी किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक कार्यों को और मजबूती मिल सके।

इस दौरान समाज में समरसता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा।

उन्होंने बताया कि 27 मार्च को मिलिंद परांडे नगर में आयोजित विभिन्न शोभायात्राओं में सहभागिता करेंगे और रामभक्तों का उत्साहवर्धन करेंगे।

वहीं 28 मार्च को वे विद्या वाचस्पति भगिनी बंधुओं से संवाद करेंगे, सिख समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे तथा बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा वे भव्य रामोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक जागरण का संदेश देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story