खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और विकसित होती है आत्मरक्षा की क्षमता : प्रो. विनय कुमार पाठक

WhatsApp Channel Join Now
खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और विकसित होती है आत्मरक्षा की क्षमता : प्रो. विनय कुमार पाठक


कानपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीय जूडो एवं वुशू प्रतियोगिता के दौरान कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

उन्होंने कहा कि जूडो और वुशू जैसे मार्शल आर्ट खेल आत्मरक्षा के साथ शारीरिक मजबूती, मानसिक एकाग्रता और आत्मनियंत्रण विकसित करने में सहायक हैं। प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पुरुष एवं महिला वर्ग में अलग-अलग भार वर्गों में प्रतिभाग किया। जूडो महिला वर्ग के 48 किलोग्राम से कम भार वर्ग में रिमझिम प्रथम, काजल द्वितीय तथा चांदनी और उमरा संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। 52 किलोग्राम में मोनिका, 57 किलोग्राम में चंचल, 63 किलोग्राम में श्रेया, 70 किलोग्राम में आराध्या और 78 किलोग्राम में दिव्यांशी प्रथम रहीं।

जूडो पुरुष वर्ग के 60 किलोग्राम में भास्कर, 66 किलोग्राम में शाश्वत, 73 किलोग्राम में आशीष, 81 किलोग्राम में दीपांशु, 90 किलोग्राम में अरमान और 100 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में आर्यन प्रथम रहे।

वुशू महिला वर्ग में 48 किलोग्राम में दीपाली, 52 किलोग्राम में श्रेया, 56 किलोग्राम में आकांक्षा यादव, 60 किलोग्राम में उम्मे, 70 किलोग्राम में पूजा और 75 किलोग्राम में प्रीति प्रथम रहीं। ताओलू बालिका वर्ग में वैदेही और प्रिंसी विजेता बनीं। पुरुष वर्ग में 48 किलोग्राम में फैसल अंसारी, 52 किलोग्राम में विश्वास यादव, 56 किलोग्राम में जतिन और 60 किलोग्राम में सचिन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयोजन में शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और प्रशिक्षकों का योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774104 Articles

Share this story