तेंदुआ प्रभावित गांवों में वन विभाग का सघन रेस्क्यू अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now
तेंदुआ प्रभावित गांवों में वन विभाग का सघन रेस्क्यू अभियान जारी


मुरादाबाद, 01 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद की ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के तेंदुआ प्रभावित एवं संवेदनशील गांवों में वन विभाग द्वारा तेंदुआ रेस्क्यू और लाेगाें में जागरुकता के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मंगलवार काे बलिया, पीपलसाना, रायपुर, रामभोजपुर सहित अन्य संवेदनशील गांवों में वनकर्मियों ने गश्त कर ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी डॉ विनय कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान संभावित तेंदुआ विचरण वाले क्षेत्रों की गहन निगरानी की गई। बलिया गांव में विभिन्न स्थानों पर ट्रैप कैमरे, एएनआईडीईआर उपकरण आदि की संख्या बढ़ाकर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। वन विभाग की रेस्क्यू टीमों द्वारा खेतों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है।

वन विभाग की प्रशिक्षण संस्थान टीम द्वारा भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया जा रहा है। टीम द्वारा वन विभाग एवं रेस्क्यू दल के अधिकारियों-कर्मचारियों को तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखने तथा ग्रामीणों से निरंतर संवाद कर रेस्क्यू अभियान में सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं।

वन विभाग एवं पुलिस-प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाकर तेंदुए से संबंधित घटनाओं की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। तहसील ठाकुरद्वारा के संवेदनशील गांवों में 28 ट्रैप केज लगाए गए हैं। साथ ही भोजपुर शुगर मिल एवं द्विवेणी शुगर मिल द्वारा एक-एक पिंजड़ा उपलब्ध कराया गया है। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए पोस्टर, पंपलेट, गोष्ठियों एवं गांवों में गली-गली जाकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। वन विभाग की टीमें ग्रामीणों को तेंदुए के व्यवहार, बचाव के उपाय एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दे रही हैं।

उन्हाेंने वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देकर रेस्क्यू अभियान में सहयोग करें।

----------------

- समूह में ही खेतों एवं जंगल की ओर जाएं, अकेले न जाएं।

- बाहर निकलते समय 3-4 लोगों के समूह में रहें और बातचीत करते हुए चलें।

- आवाज करते हुए चलें तथा हाथ में लाठी-डंडा रखें।

- खेत में काम करते समय चारों ओर नजर रखें और बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें।

- पालतू जानवरों एवं मवेशियों को सुरक्षित एवं बंद स्थान पर रखें।

- तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें।

- तेंदुए के आसपास भीड़ न लगाएं और उसे उकसाने या पकड़ने का प्रयास न करें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story