मुरादाबाद रेल मंडल में गाड़ियों की पेंट्रीकार एवं स्टेशन स्टालों की सघन जांच हुई

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद रेल मंडल में गाड़ियों की पेंट्रीकार एवं स्टेशन स्टालों की सघन जांच हुई


मुरादाबाद, 14 सितंबर (हि.स.)।

मुरादाबाद रेल मंडल द्वारा यात्रियों को स्वच्छ,गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खानपान सुविधाएं निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतिदिन मंडल के स्टेशनों पर गाड़ियों की पेंट्रीकार एवं स्टेशनों पर खानपान व्यवस्थाओं की नियमित जांच की जा रही है।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि सोमवार को गाड़ी संख्या (13037) कुंभ एक्सप्रेस की पेंट्रीकार का निरीक्षण हरिद्वार के तीन मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों चंद्रेश आर्य, सुनील कुमार चौहान एवं देवेश सिंह रायापा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान किचन में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, किचन परिसर की सामान्य स्वच्छता तथा वेंडरों के मेडिकल प्रमाण-पत्रों आदि की जांच की गई।

गुणवत्ता नियंत्रण के अंतर्गत दो खाद्य पदार्थों के नमूने तथा एक पानी की बोतल का नमूना जांच के लिए एकत्रित किया गया। इसके अतिरिक्त जीवाणु परीक्षण के लिए हरिद्वार स्टेशन से एक पानी का नमूना भी लिया गया। पेंट्रीकार को हरिद्वार से देहरादून तक चेक किया गया तथा स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 15910 की पेंट्रीकार का निरीक्षण आरआर मीणा, त्रिलोक चन्द्र एवं शशांक पांडेय द्वारा किया गया। यह जांच बरेली से शाहजहांपुर तक की गई। निरीक्षण के दौरान दोनों द्वारा पेंट्रीकार से तीन खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण के दौरान पेंट्रीकार में एक अनधिकृत व्यक्ति पाए जाने पर 1,800 का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त शाहजहांपुर स्टेशन पर मैसर्स आफाक उल्ला खां के टी स्टॉल का भी निरीक्षण किया गया। रेलवे अधिकारियों द्वारा गाड़ियों एवं स्टेशन पर यात्रियों से खानपान तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया गया।

यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खानपान उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों एवं वेंडरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंडल में प्रतिदिन अलग-अलग स्टेशनों पर गाड़ियों एवं स्टेशनों पर विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है ताकि यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण, खानपान निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध हो।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story