उप्र उपनिरीक्षक परीक्षा को लेकर जौनपुर जंक्शन पर सघन चेकिंग, जीआरपी रही अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
उप्र उपनिरीक्षक परीक्षा को लेकर जौनपुर जंक्शन पर सघन चेकिंग, जीआरपी रही अलर्ट


उप्र उपनिरीक्षक परीक्षा को लेकर जौनपुर जंक्शन पर सघन चेकिंग, जीआरपी रही अलर्ट


जौनपुर, 15 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (UPSI) भर्ती परीक्षा को देखते हुए कानून व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शनिवार देर रात को जौनपुर रेलवे जंक्शन पर रात में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई।चेकिंग अभियान जीआरपी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गौड़ और भंडारी चौकी प्रभारी जय दीप कोल के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम ने स्टेशन के मुख्य द्वार, प्रतीक्षालय, प्लेटफार्म तथा रेलवे पटरियों के आसपास व्यापक तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई और यात्रियों के बैग व अन्य सामानों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। साथ ही प्लेटफार्म पर लावारिस वस्तुओं पर भी विशेष निगरानी रखी गई।जीआरपी ने चेकिंग के साथ यात्रियों को जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि भीड़भाड़ के दौरान अपने मोबाइल और कीमती सामान की स्वयं सुरक्षा करें तथा टप्पेबाजी जैसी घटनाओं से सतर्क रहें। इसके अलावा किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई खाने-पीने की वस्तु का सेवन न करने की सलाह दी गई।पुलिस ने यात्रियों से यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल रेलवे पुलिस या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।जीआरपी अधिकारियों के अनुसार उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के कारण जंक्शन पर परीक्षार्थियों और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ होने की संभावना है। ऐसे में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story