जौनपुर पुलिस लाइन में बनेगा इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, कैमरों से होगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर पुलिस लाइन में बनेगा इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, कैमरों से होगी निगरानी


जौनपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले में अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लाइन परिसर में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस हाई-टेक सेंटर के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगे सभी नेटवर्किंग वाले सीसीटीवी कैमरों को एक प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जिससे निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी।इस परियोजना की खास बात यह है कि इसमें केवल सरकारी कैमरे ही नहीं, बल्कि व्यापारियों, संस्थाओं और आम नागरिकों के निजी सीसीटीवी कैमरे भी जोड़े जा सकेंगे। इससे पूरे जनपद में एक व्यापक निगरानी नेटवर्क तैयार होगा, जो अपराधियों की पहचान और गतिविधियों पर नजर रखने में मददगार साबित होगा।स्मार्ट तकनीक और अलर्ट सिस्टम से लैस यह सेंटर किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल प्राप्त कर सकेगा। इसके जरिए संबंधित थाना पुलिस तुरंत सक्रिय होकर मौके पर पहुंच सकेगी, जिससे अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी। इस संबंध में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि इस सेंटर के शुरू होने से अपराधों की रोकथाम में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन में यह केंद्र जल्द ही क्रियाशील होगा और आसपास के अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरों को इससे जोड़ा जाएगा। इस पहल से जनपद की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ेगी और रात के समय बीट कांस्टेबल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रियता सुनिश्चित की जा सकेगी। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना जौनपुर पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story