संतों और सनातन धर्म का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा : राजू पोरवाल

WhatsApp Channel Join Now
संतों और सनातन धर्म का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा : राजू पोरवाल


कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। संत समाज और सनातन धर्म का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। यह बातें शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) कानपुर प्रान्त के प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल ने कहीं।

विहिप कानपुर प्रान्त की ओर से शनिवार को गोविंद नगर स्थित प्रान्त कार्यालय दुर्गा भवन में सद्बुद्धि हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राम भक्तों एवं सनातन समाज के सम्मान की रक्षा तथा धर्म की गरिमा बनाए रखने का संदेश देना रहा। हवन में प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना, कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल ने कहा कि राम मंदिर में चोरी के प्रकरण को संतों के वेश से जोड़कर संसद और सार्वजनिक मंचों पर प्रस्तुत किया गया, जिससे संत समाज का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम, सनातन परंपरा और संत समाज को निशाना बना रहे हैं, जो स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम से प्रार्थना की गई है कि संतों और सनातन धर्म का अपमान करने वालों को सद्बुद्धि मिले। सद्बुद्धि हवन के माध्यम से समाज में धार्मिक आस्था, संस्कृति और संत समाज के सम्मान की रक्षा का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में आचार्य संजय त्रिवेदी, विभाग संगठन मंत्री मनीष, जिला संगठन मंत्री गोपाल, जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश त्रिवेदी, जिलामंत्री नितिन जगरानी सहित विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story