शहीदों का अपमान बर्दाश्त नहीं : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
शहीदों का अपमान बर्दाश्त नहीं : पवन गुप्ता


कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। जिन वीर सपूतों ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, उनके सम्मान में इस तरह की लापरवाही अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है, शहीदों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह बातें सोमवार को शहीद दिवस पर लाटूश रोड स्थित भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद धरने पर बैठे महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।

अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की पुण्यतिथि पर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पवन गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीद स्थल की बदहाल और उपेक्षित स्थिति देखकर कांग्रेस जनों में आक्रोश फैल गया और वे वहीं धरने पर बैठ गए।

पवन गुप्ता ने कहा कि शहीद भगत सिंह का कानपुर से गहरा ऐतिहासिक संबंध रहा है। वे यहां कुछ समय तक रहे और उनके क्रांतिकारी जीवन को नई दिशा मिली। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी व पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के मार्गदर्शन में काम किया और यहीं हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन से गहराई से जुड़े।

महानगर कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि शहीद स्थल की तत्काल साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने महान शहीदों को सम्मानपूर्वक याद कर सकें। साथ ही पार्क में भगत सिंह की प्रतिमा के साथ सुखदेव और राजगुरु की प्रतिमा स्थापित करने की भी मांग की गई।

इस दौरान ग्रीनबाबू सोनकर, गोविंद झा, पदम मोहन मिश्रा, कमल जायसवाल, कपिल जायसवाल, मुकेश कन्नौजिया, जितेंद्र ब्रह्म, धर्मेंद्र सिंह, सुरेंद्र भदौरिया, संदीप शिखर, रवि बाजपई, विनोद अवस्थी, विनय पांडेय, विक्की सोनकर, रिंकू, बादशाह सोनकर, तिलकचंद्र कुरील आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story