स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा का अपमान बर्दास्त नहीं : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा का अपमान बर्दास्त नहीं : कांग्रेस


कानपुर, 10 अगस्त (हिं.स.)। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी जी देश की महान नेता थीं और उनके प्रति करोड़ों देशवासियों के मन में सम्मान है। उनकी प्रतिमा के सामने इस प्रकार दीवार खड़ी करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। मेट्रो निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाना चाहिए ताकि प्रतिमा की गरिमा और दृश्यता बनी रहे। यह बातें सोमवार काे कानपुर महानगर कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने महापाैर प्रमिला पाण्डेय काे शिकायत पत्र सौंपते हुए कहीं।

नरोना चौराहे पर स्थित स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने कानपुर मेट्रो द्वारा कराए जा रहे निर्माण को लेकर कांग्रेसजनों में भारी नाराजगी है। प्रतिमा के सामने निर्माण से प्रतिमा का दृश्य प्रभावित हो रहा है, जिसे कांग्रेस ने अनुचित और भावनाओं को आहत करने वाला कदम बताया है।

इस मामले को लेकर आज कानपुर महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष पवन गुप्ता एवं पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने पहले जिलाधिकारी कानपुर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और निर्माण रोकने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक स्थल पर स्थापित देश की पूर्व प्रधानमंत्री और आयरन लेडी स्व. इंदिरा गांधी जी की प्रतिमा के सामने इस प्रकार का निर्माण किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम सिटी को प्रकरण का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने महापौर प्रमिला पांडेय से भी मुलाकात कर उन्हें शिकायत पत्र सौंपा। महापौर ने कांग्रेस नेताओं को आश्वासन दिया कि इंदिरा गांधी जी की प्रतिमा का अपमान नहीं होने दिया जाएगा और कांग्रेसजनों की भावनाओं को भी आहत नहीं होने दिया जाएगा।

पवन गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि “किसी भी कीमत पर इंदिरा गांधी जी का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। कांग्रेसजन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से इस विषय को उठा रहे हैं, लेकिन प्रतिमा की गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”

पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी जी की प्रतिमा शहर की महत्वपूर्ण पहचान है और उसके सामने ऐसा निर्माण किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन और संबंधित विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर उचित समाधान निकालना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी, एडीएम सिटी, महापौर और संबंधित विभाग इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए निर्माण रुकवाएंगे और इंदिरा गांधी जी की प्रतिमा की गरिमा एवं सम्मान को अक्षुण्ण रखा जाएगा।

इस दाैरान पवन गुप्ता, हरप्रकाश अग्निहोत्री, श्याम देव सिंह, राकेश साहू, सुनील राठौर, कृपेश त्रिपाठी, जावेद उस्मानी, प्रमोद गुप्ता, अनूप श्रीवास्तव, रामजी दुबे, आशुतोष शुक्ला, अमित मिश्रा, संजय दीक्षित, जफर शाकिर मुन्ना आदि माैजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story