प्रैक्टिकल मार्क 25 मार्च तक अपलोड करने के निर्देश, 31 तक सभी रिजल्ट घोषित होंगे: कुलपति
जौनपुर, 23 मार्च (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में परीक्षा सत्र 2026 को लेकर कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने सोमवार को परीक्षा समिति के साथ बैठक कर रिजल्ट घोषित करने की समय-सीमा और प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में महाविद्यालयों द्वारा आंतरिक एवं प्रैक्टिकल परीक्षाओं के परिणाम समय पर अपलोड न करने पर कुलपति ने कड़ी नाराजगी जताई।
कुलपति ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 25 मार्च तक सेशनल और प्रैक्टिकल परीक्षाओं के अंक अनिवार्य रूप से विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा का पालन न करने वाले महाविद्यालयों के रिजल्ट रोक दिए जाएंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालय स्तर पर यूजी और पीजी के सभी पाठ्यक्रमों के परिणाम 31 मार्च तक घोषित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
बैठक में परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया को भी समयबद्ध करने पर जोर दिया गया। कुलपति ने महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसर के सम्बंधित विभागों को निर्देशित किया कि 25 मार्च तक सभी छात्रों के परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भरवा दिए जाएं। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल से सम-सेमेस्टर (रेगुलर) परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, ऐसे में रिजल्ट और परीक्षा फॉर्म की प्रक्रिया समय पर पूरी करना अत्यंत आवश्यक है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह ने बैठक में रिजल्ट तैयार करने में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं से कुलपति को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यूजी के 13 पाठ्यक्रमों के परिणाम पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जबकि पीजी के कई पाठ्यक्रमों के रिजल्ट भी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

