सहजनवां तहसील में डीएम व एसएसपी ने सुनी जनता की फरियाद
गोरखपुर, 20 जून (हि.स.)।सहजनवां तहसील में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, विकास और अन्य विभागों से जुड़ी विभिन्न शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. काैस्तुभ ने भी कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को न्याय मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सहजनवां, क्षेत्राधिकारी गीडा सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों को मौके पर सुनकर कई मामलों का तत्काल समाधान भी किया, जबकि शेष मामलों को जल्द निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
तहसील दिवस में पहुंचे लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

