गंगू बाबा की प्रतिमा स्थापना के लिए स्थल चिन्हित : रमेश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
गंगू बाबा की प्रतिमा स्थापना के लिए स्थल चिन्हित : रमेश अवस्थी


कानपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गंगू वाल्मीक (गंगू बाबा) का योगदान कानपुर के इतिहास की महत्वपूर्ण विरासत है। ऐसे वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को सम्मान देना हमारा राष्ट्रीय और सामाजिक दायित्व है। चुन्नीगंज चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा मिलेगी। यह बातें शुक्रवार को प्रस्तावित प्रतिमा स्थल के निरीक्षण के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि आजादी के इतिहास में कई ऐसे नायक हैं, जिनके त्याग और बलिदान को वह स्थान नहीं मिल सका जिसके वे हकदार थे। कानपुर की धरती के ऐसे महापुरुषों और विभूतियों की स्मृतियों को सम्मानपूर्वक संजोने की जरूरत है। प्रतिमा के माध्यम से उनके योगदान को जनमानस तक पहुंचाने के साथ नई पीढ़ी को भी उनके बारे में जानने का अवसर मिलेगा।

इसी पहल के तहत सांसद रमेश अवस्थी ने शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारियों और क्षेत्रीय नागरिकों के साथ चुन्नीगंज चौराहे पर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिमा स्थापना के लिए अलग-अलग संभावित स्थानों पर चर्चा की गई। अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों से सुझाव लेने के बाद प्रतिमा स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित किया गया।

सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिमा स्थापना से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चुन्नीगंज चौराहे पर गंगू बाबा की प्रतिमा स्थापित होना कानपुर के लिए गौरव का विषय होगा। इससे स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सार्वजनिक पहचान मिलेगी और समाज में उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का भाव मजबूत होगा।

प्रतिमा स्थापना के लिए स्थल चिन्हित किए जाने की पहल का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया। उन्होंने इस प्रयास के लिए सांसद रमेश अवस्थी का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776735 Articles

Share this story