स्कूल जा रहे भाइयों के साथ घर से निकली 18 माह की मासूम को बस ने कुचला, मौत

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल जा रहे भाइयों के साथ घर से निकली 18 माह की मासूम को बस ने कुचला, मौत


गोरखपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के गोला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम पंचायत डेहरीभार धौसहर उर्फ बेलवाभारी में एक निजी स्कूल की तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 18 माह की मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी सुनील कुमार की 18 माह की पुत्री नित्या सुबह करीब 6:30 बजे अपने घर के बाहर मौजूद थी। बताया जा रहा है कि वह अपने बड़े भाइयों को स्कूल भेजने के लिए बाहर आई थी। इसी दौरान एमसीए पब्लिक स्कूल, गोला की बस तेज रफ्तार में वहां से गुजरी और मासूम को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भीषण था कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए दौड़े, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में चलने वाली स्कूल बसों के चालक अक्सर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे पहले भी कई बार हादसे की आशंका बनी रहती थी। बावजूद इसके, प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

मृतका के पिता सुनील कुमार ने थाना गोला में तहरीर देकर बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी मासूम बच्ची की मौत के जिम्मेदार दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में संचालित सभी स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराई जाए, ओवरस्पीडिंग और लापरवाही पर रोक लगाई जाए तथा दोषी चालकों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story