व्यापारियों को बैंकिंग प्रणाली की जानकारी देगा उद्योग व्यापार मंडल

WhatsApp Channel Join Now
व्यापारियों को बैंकिंग प्रणाली की जानकारी देगा उद्योग व्यापार मंडल


फर्रुखाबाद,19 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही बैंक संबंधी समस्याओं को लेकर व्यापारियों के बीच जाएगा। उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए अलग-अलग स्थान पर जागरूकता कैंपों का आयोजन करेगा। जीएसटी के संबंध में भी भ्रांतियाें काे दूर करेगा।

यह बात भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता , जिला चेयरमैन सुभाष अग्रवाल ने नुनहाई कटरा स्थित कालेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में साेमवार काे कही। इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारी अनिल वाजपेई को पत्र देकर संगठन का जिला प्रभारी नियुक्त किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने एक सवाल पर कहा कि रेलवे रोड के मसले पर वे संगठन की आपात बैठक बुलाएंगे और रणनीति पर ठोस निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे रोड के निर्माण को लेकर उनका मानना है कि व्यापारी जिसमें संतुष्ट हों, हम वही करेंगे। हम व्यापारी के साथ हैं। हमारा कोई व्यक्तिगत इंटेंशन मार्ग निर्माण को लेकर नहीं है। उन्होंने भारतीय व्यापार प्रतिनिधि मंडल की उपलब्धियां की और जीएसटी मामले में कई व्यापारियों को राहत दिलाने की बात कही।

प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश गुप्ता ने कहा कि वह संगठन के माध्यम से बैंकिंग संबंधी समस्याओं से व्यापारियों को निजात दिलाने के लिए कैंपों का आयोजन करके व्यापारियों तक लाभकारी योजनाओं को पहचाने और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि 37 साल तक बैंक में सर्विस करने के कारण वे व्यापारियों को बैंकिंग में आने वाली समस्याओं से अवगत है। उनका भली भांति समाधान हो, इसके लिए जल्द ही योजना बनाकर काम शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल प्रदेश का सबसे मजबूत और बड़ा संगठन है। प्रदेश अध्यक्ष व्यापार और व्यापारियों की समस्याओं के अच्छे जानकार हैं। जहां तक नियुक्तियां की की बात है तो संगठन में जन बल बहुत जरूरी होता है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का काम किया जा रहा है।

जिला चेयरमैन सुभाष अग्रवाल ने संगठन द्वारा कराए जाने वाले आध्यात्मिक कार्य की जानकारी दी। उन्हाेंने कहा कि 21 जनवरी को गंगा घाट पर सामूहिक भोज का आयोजन कराया जा रहा है। जिसमें आगामी रणनीति बनाई जा सकती है। नव नियुक्त जिला प्रभारी अनिल बाजपेई ने कहा कि उनको संगठन के द्वारा जो दायित्व दिया गया है उसका निर्वाह करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। व्यापारी हित में हर तरीके का संघर्ष करने के लिए तैयार हैं। मौके पर जिला महामंत्री आनंद मोहन वर्मा, युवा प्रदेश मंत्री सुशील अग्रवाल, प्रदेश मंत्री राजीव अग्रवाल, श्रवण बाजपेई आदि मौजूद रहे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story