औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को होटल उद्योग की कार्यप्रणाली समझने का मिलता है अवसर : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को उद्योग आधारित व्यावहारिक शिक्षा देना समय की आवश्यकता है। औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थी वास्तविक कार्य संस्कृति को समझते हैं और रोजगार के लिए अधिक सक्षम बनते हैं। यह बातें बुधवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।
विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट द्वारा प्रथम वर्ष के बीएचएमसीटी एवं विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल उद्योग के वास्तविक कार्य वातावरण से परिचित कराना तथा उनके सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था।
विद्यार्थियों ने कानपुर के एक प्रतिष्ठित होटल का भ्रमण किया, जहां उन्हें स्वागत के बाद होटल के स्वागत कक्ष, गृह व्यवस्था, भोजन एवं पेय सेवा तथा भोजन निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्होंने अतिथि कक्षों, रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, आधुनिक रसोई और अन्य संचालन क्षेत्रों का भी अवलोकन किया।
होटल के महाप्रबंधक जलप्रीत सिंह और प्रशिक्षण एवं विकास प्रबंधक रोहित ने विद्यार्थियों को होटल उद्योग की कार्य संस्कृति, करियर की संभावनाओं, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि तकनीकी दक्षता के साथ प्रभावी संवाद कौशल, अनुशासन, टीम भावना और अतिथि सेवा का भाव इस क्षेत्र में सफलता के लिए बेहद जरूरी है।
स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तक आधारित ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक रूप से भी दक्ष बनाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर औद्योगिक भ्रमण, विशेषज्ञ व्याख्यान और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने होटल विशेषज्ञों से प्रशिक्षण, नियुक्ति और करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर दिया गया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के सहायक आचार्य शिवांशु सचान, ऐश्वर्या और अंकित कुमार भी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

