स्वदेशी नस्ल की गायों के पालन से किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य : जिलाधिकारी
कानपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के माध्यम से उन्नत स्वदेशी नस्ल की गायों के संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों की आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। यह बातें सोमवार को मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत ई-लॉटरी प्रक्रिया के दौरान जिलाधिकारी कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।
नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को मिले लक्ष्य के अनुरूप 28 पशुपालकों का ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। चयनित लाभार्थियों में 14 पुरुष और 14 महिला पशुपालक शामिल हैं।
योजना के तहत चयनित पशुपालकों को गिर, साहीवाल, हरियाणा और थारपारकर जैसी उन्नत स्वदेशी दुधारू नस्ल की दो-दो गायों की इकाई स्थापित करने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य स्वदेशी नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाना और पशुपालन को ग्रामीण परिवारों की आय का स्थायी माध्यम बनाना है।
चयनित लाभार्थी प्रदेश के बाहर से निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रथम अथवा द्वितीय ब्यांत की स्वस्थ एवं रोगमुक्त दो दुधारू गायों का क्रय कर सकेंगे। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी स्तर से अनुमति पत्र जारी किए जाएंगे। योजना के तहत खरीदी जाने वाली गायों का तीन वर्ष का पशु बीमा तथा क्रय स्थल से इकाई स्थापना स्थल तक ट्रांजिट बीमा कराना अनिवार्य होगा।
दो उन्नत स्वदेशी दुधारू गायों की एक इकाई की अधिकतम लागत दो लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें गायों की खरीद, परिवहन, ट्रांजिट बीमा, तीन वर्ष का पशु बीमा, चारा काटने की मशीन और शेड निर्माण जैसे अनुमन्य व्यय शामिल हैं। इन मदों पर हुए वास्तविक व्यय का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार योजना के माध्यम से जनपद में उन्नत स्वदेशी नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं के लिए पशुपालन के माध्यम से स्वरोजगार एवं आय के नए अवसर भी विकसित होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

