भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, आम नागरिक में निहित: सीएम योगी

WhatsApp Channel Join Now

लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत सामाजिक न्याय के महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण के लिए 3,955 स्थलों पर कार्यों का किया शुभारंभ

संविधान को लेकर भ्रम फैलाने और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत: सीएम योगी

अधिकार के साथ कर्तव्य बोध कराता है संविधान, इसकी गरिमा बनाए रखना हर भारतवासी का दायित्व: मुख्यमंत्री

लखनऊ, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। संविधान ने प्रत्येक भारतीय को यह अधिकार और दायित्व दिया है कि वह देश का वास्तविक संरक्षक है। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत अस्तित्व में है या वही भारत का संरक्षक है। भारत का हर नागरिक संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा का उत्तरदायी है। मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संविधान हम सबका गौरव और 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक है। यह हमें अधिकारों का स्मरण कराने के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का अहसास कराता है। संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस विचार को ध्यान में रखा था कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे। इसी भावना से संविधान निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, आम नागरिक में निहित: सीएम योगी

उन्होंने कहा कि भारत का संविधान दुनिया के उन विशिष्ट संविधानों में है, जिसने पहले दिन से ही बिना किसी जाति, क्षेत्र, भाषा और लैंगिक भेदभाव के प्रत्येक वयस्क भारतीय को मताधिकार प्रदान किया। दुनिया के कई ऐसे देश, जो स्वयं को लोकतंत्र का बड़ा समर्थक बताते हैं, वहां लंबे समय तक रंगभेद और लिंगभेद के आधार पर नागरिकों को समान अधिकारों से वंचित रखा गया। लेकिन भारत ने संविधान लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार दिया। 

संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से रहें सतर्क
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ लोग भ्रम की स्थिति पैदा करके लाल पुस्तिका लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि उन्होंने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो शायद भारत की संप्रभुता के संरक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस नहीं करते। जब उन्हें अवसर मिला था, तब उन्होंने संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया। आजादी के तत्काल बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को बंधक बनाने के लिए किया गया। समय-समय पर अपने स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए। इन लोगों ने केवल संविधान ही नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को भी कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया। भारत पर लगातार आक्षेप लगाए और लोकतंत्र को कमजोर करने के षड्यंत्र किए। ऐसे लोगों के प्रयासों से सावधान रहना होगा। संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों से देश को बचाना हम सभी का दायित्व है।

भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, आम नागरिक में निहित: सीएम योगी

कांग्रेस ने बाबा साहेब की उपेक्षा की, सपा ने किया महापुरुषों का अपमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को कभी भारत रत्न नहीं लेने दिया। उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए भी प्रयास किए गए और उन्हें चुनाव हराने के लिए तमाम षड्यंत्र किए गए। पिछली सरकारों ने महापुरुषों के सम्मान की उपेक्षा की। समाजवादी पार्टी की सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। असीम अरुण के पत्र लिखने पर प्रदेश सरकार ने दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर किया। इसी प्रकार उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर किया गया।

सीएम ने कहा कि महाराज सुहेलदेव ने एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं को मुंहतोड़ जवाब देकर भारत की रक्षा की थी, लेकिन उनके नाम पर कोई स्मारक नहीं बना। प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार आने के बाद बहराइच में उनका भव्य स्मारक बनाया गया। बहराइच मेडिकल कॉलेज और आजमगढ़ में नए मेडिकल कॉलेज का नाम भी महाराज सुहेलदेव के नाम पर रखा गया। राजा महेंद्र प्रताप सिंह, जिन्होंने 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार का गठन किया था, उनके नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया।

विरासत के सम्मान के साथ विकास को आगे बढ़ा रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2014 में पद का दायित्व संभालने के बाद सबसे पहले संसद और संविधान की पवित्र पुस्तक को प्रणाम किया था। नए संसद भवन में भी संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है। संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के अयोध्या आगमन, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र शामिल हैं। यह प्रमाणित करता है कि भारतीय संविधान ने देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान दिया है। संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक 55 सदस्य थे। संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों में छह उत्तर प्रदेश से थीं। सुचेता कृपलानी, पंडित गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव जैसे मनीषियों ने भी संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। काशी विश्वनाथ धाम में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा की स्थापना, अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखना और संत रविदास की जन्मभूमि सीर गोवर्धन में सुविधाओं एवं कनेक्टिविटी का विकास विरासत और विकास के समन्वय के उदाहरण हैं।

भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, आम नागरिक में निहित: सीएम योगी

कानून का राज ही विकास की गारंटी
विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज शिक्षा और विकास की बात करते हैं, उनके शासनकाल में विद्यालयों की स्थिति जर्जर थी। न भवन थे, न शिक्षक और नकल कराना आम बात थी। नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर नहीं थे। नौकरियां निकलते ही वसूली शुरू हो जाती थी और पेपर लीक होते थे। गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, किसान आत्महत्या के लिए मजबूर था, महिलाओं की गरिमा सुरक्षित नहीं थी और प्रदेश पेशेवर माफिया एवं अपराधियों के हाथों बंधक बना हुआ था। ऐसे लोग किस विकास, सुशासन, सुरक्षा और नैतिकता की बात करते हैं? क्या कर्फ्यू और उपद्रव के माहौल में विकास के सपने जमीन पर उतारे जा सकते हैं?  कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। प्रदेश सरकार ने प्रभावी ढंग से विधि के शासन को लागू किया है और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।

सीएम ने 2017 से पहले की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गरीबों को राशन नहीं मिलता था और खाद्यान्न घोटाले होते थे। रोजगार और निवेश के अवसर सीमित थे। सुरक्षा, बिजली और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण प्रदेश से पलायन होता था। आज संविधान के आदर्शों के अनुरूप शासन व्यवस्था को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, आम नागरिक में निहित: सीएम योगी

3,955 महापुरुष स्मारक स्थलों के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने माउस का बटन दबाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं साफ-सफाई कार्यों का शुभारंभ किया। योजना के तहत महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास के स्थलों का विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर और सामाजिक न्याय के अन्य पुरोधाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए प्रदेश सरकार ने उनकी प्रतिमाओं, पार्कों और उनसे जुड़े स्थलों के सौंदर्यीकरण का अभियान शुरू किया है। उन्होंने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रदेश में ऐसे 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का शुभारंभ किया जा रहा है। निर्धारित समयसीमा में इन कार्यों को पूरा किया जाएगा। यह बाबा साहेब आंबेडकर, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के विचारों एवं सामाजिक न्याय की भावना के प्रति सम्मान है।

भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, आम नागरिक में निहित: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, समाज या राष्ट्र अपने महापुरुषों और विरासत पर गौरव किए बिना अपने वर्तमान को गौरवशाली नहीं बना सकता और उसका भविष्य भी उज्ज्वल नहीं हो सकता। संविधान की वास्तविक ताकत लोकतंत्र में और लोकतंत्र की ताकत संविधान में निहित है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन से ही व्यवस्था प्रभावी ढंग से आगे बढ़ती है। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के आदर्शों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संविधान की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, समाज कल्याण विभाग के मंत्री असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण उपस्थित रहे।

संविधान आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों पर जनपद स्तरीय विद्यालयों में आयोजित वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में शगुन श्रीवास्तव (नवयुग कन्या इंटर कॉलेज, लखनऊ) ने प्रथम, फाइजा (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बीकेटी) ने द्वितीय और तुबा हनीस (तालीमगाह मिस्बाह इंटर कॉलेज) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में दिव्या (बाल निकुंज इंटर कॉलेज) ने प्रथम, हर्षवर्धन सिंह (बाल निकुंज इंटर कॉलेज) ने द्वितीय और राज (राजकीय हाईस्कूल, खंतारी, बीकेटी) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, आम नागरिक में निहित: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित मंचासीन अतिथियों एवं उपस्थित सभी लोगों ने भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस अवसर पर सभी ने एक स्वर में ‘हम भारत के लोग’ के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन करते हुए भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को दोहराया। साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी ने व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23812 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story