देश का पहला ए.टी. मार्ट कानपुर में शुरू, दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर मिलेंगे सहायक उपकरण : मंडलायुक्त
कानपुर, 20 जून (हि.स.)। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आधुनिक सहायक उपकरणों की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए देश के पहले ए.टी. मार्ट (असिस्टिव टेक्नोलॉजी मार्ट) का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न उपकरणों की जानकारी, चयन और खरीद की सुविधा प्रदान करेगा। एटी-मार्ट को एलिम्को के फ्रेंचाइजी मॉडल के तहत संचालित किया जाएगा। भविष्य में इसे देश के विभिन्न राज्यों और शहरों तक विस्तार देने की योजना है। यह बातें शनिवार को ए.टी. मार्ट के उद्घाटन अवसर पर मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पाण्डियन ने कहीं।
बेनाझाबर रोड स्थित मोतीझील मेट्रो स्टेशन के निकट स्वरूप नगर में स्थापित ए.टी. मार्ट का उद्घाटन मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पाण्डियन ने एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार की उपस्थिति में किया। यह पहल भारत सरकार की दिव्यांग सहारा योजना के तहत सहायक प्रौद्योगिकी एवं उपकरणों की देशव्यापी उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
एलिम्को के अनुसार ए.टी. मार्ट एक आधुनिक सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक तथा अन्य जरूरतमंद व्यक्ति विभिन्न सहायक उपकरणों को देखकर उनकी उपयोगिता समझ सकेंगे और अपनी आवश्यकता के अनुरूप उन्हें खरीद सकेंगे। केंद्र में व्हीलचेयर, इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, चश्मे, कृत्रिम अंग, ऑर्थोटिक एवं प्रोस्थेटिक उपकरण समेत कई उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक वित्त अतुल रुस्तगी, महाप्रबंधक (कार्मिक एवं प्रशासन) संजीव अरोड़ा, प्रभारी महाप्रबंधक (मार्केटिंग) अजय चौधरी, प्रभारी महाप्रबंधक (उत्पादन) विवेक द्विवेदी सहित एलिम्को के वरिष्ठ अधिकारी और ए.टी. मार्ट के संचालक उपस्थित रहे। एलिम्को ने बताया कि आने वाले समय में देशभर में चरणबद्ध तरीके से ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

