इण्डियन लाज फिर ताले में कैद

WhatsApp Channel Join Now
इण्डियन लाज फिर ताले में कैद


हमीरपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे के चर्चित इंडियन लॉज में लव जिहाद एवं दुष्कर्म प्रकरण को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर ताला लटक गया है। कुछ दिन पूर्व नवागंतुक थानाध्यक्ष योगेश तिवारी ने कार्रवाई करते हुए लॉज को खुलवाया था, जिसके बाद यहां गतिविधियां दोबारा शुरू हो गई थीं।

हालांकि, सीज किए गए लॉज का ताला खोले जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए लॉज को पुनः बंद कर दिया गया।

गौरतलब है कि इस प्रकरण से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया था। पीड़िता के पिता की तहरीर पर अफान उर्फ अबान खान, उसके पिता मौलाना खान तथा चाचा फहीमुद्दीन उर्फ लाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जा चुकी है। घटनास्थल होने के कारण तत्कालीन थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने लॉज को सीसीटीवी डीवीआर कब्जे में लेकर सीज कराया था। वहीं, नए थानाध्यक्ष द्वारा लॉज खुलवाए जाने पर सवाल उठे, जिसके बाद पुनः ताला डाल दिया गया।

थानाध्यक्ष योगेश तिवारी ने शुक्रवार को बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने और जांच प्रभावित न हो, इसके लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है। कस्बे में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story