इंडियन ऑयल-भारत पेट्रोलियम ने लॉन्च किया व्यावसायिक गैस सिलेंडर

WhatsApp Channel Join Now
इंडियन ऑयल-भारत पेट्रोलियम ने लॉन्च किया व्यावसायिक गैस सिलेंडर


जौनपुर, 09 अप्रैल (हि. स.)। यूपी के जौनपुर जिले में व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की गई है। अब कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बुकिंग, पंजीकरण और उनकी ट्रैकिंग के लिए उपभोक्ताओं को भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। इस संबंध में गुरुवार को जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक नया वेब पोर्टल लाइव कर दिया गया है। इससे सिलेंडर बुकिंग की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी हो जाएगी।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और भारत पेट्रोलियम ने अपने औद्योगिक ग्राहकों के लिए विशेष पोर्टल लॉन्च किए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी कि उपभोक्ता अब सीधे इंडियन ऑयल के लिए spandan.indianoil.in/commercial-lpg और भारत पेट्रोलियम के लिए www.commerciallpg.in लिंक पर जाकर अपनी आवश्यकता दर्ज कर सकते हैं।

इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग की निगरानी करना और आपूर्ति प्रबंधन को बेहतर बनाना है। वेब प्लेटफॉर्म पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद, उन्हें तत्काल आगे की कार्यवाही के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित कर दिया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी उपभोक्ता को तकनीकी समस्या आती है तो उसके समाधान के लिए तेल कंपनियों ने अपने विक्रय अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के रोक्कांत (असिस्टेंट मैनेजर, सेल्स) से 7361348565 पर और भारत पेट्रोलियम के चिहाल पांडेय (मैनेजर सेल्स) से 9334431461 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story