भारतीय नववर्ष के उपलक्ष्य में दो दिवसीय समारोह का आयोजन करेगा नववर्ष चेतना समिति

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय नववर्ष के उपलक्ष्य में दो दिवसीय समारोह का आयोजन करेगा नववर्ष चेतना समिति


लखनऊ, 18 मार्च (हि.स.)। भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 जो कि 19 मार्च (गुरुवार) से शुरुआत हो रही है। इसके उपलक्ष्य में नववर्ष चेतना समिति की ओर से दो दिवसीय समारोह का आयोजन बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय रायबरेली रोड, लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में किया गया है।

समिति के अध्यक्ष डॉ. गिरीश गुप्ता व सचिव डॉ. सुनील अग्रवाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य आयोजक नववर्ष चेतना समिति के साथ डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय एवं श्री श्याम परिवार, लखनऊ इस समारोह के सह आयोजक हैं। समारोह का उद्घाटन चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 (19 मार्च) को तथा समापन अगले दिन चैत्र शुक्ल द्वितीया, विक्रम संवत 2083 (20 मार्च) को होगा।

उन्होंने बताया कि नवसंवत्सर 2083 की पूर्व संध्या पर 18 मार्च को विक्रम संवत्सर 2082 की विदाई के अवसर पर सायं 5 बजे खाटूश्याम मंदिर स्थित गोमती तट पर दीपदान एवं भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसका संयोजन पुनिता अवस्थी, डॉ रंजना द्विवेदी और डॉ संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में होगा।

अध्यक्ष श्री गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् (1932-2082 विक्रमी/1875-2025 ई) के डेढ़ सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार नवम्बर 2025 से नवम्बर 2026 तक पर राष्ट्रव्यापी जश्न मना रही है। ऐसे में नववर्ष चेतना समिति के लिए भी यह साल विशेष है।

उन्होंने बताया कि नवसंवत्सर समारोह के प्रथम दिन के कार्यक्रम का आयोजन सायं 5 बजे से बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय रायबरेली रोड, लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में किया जायेगा। समारोह में महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस दौरान समिति की वार्षिक पत्रिका नव चैतन्य के इस वर्ष के अंक जो कि वन्दे मातरम् सार्धशती विशेषांक के रूप में प्रकाशित किया जा रहा है, का लोकार्पण होगा।

पहले दिन के कार्यक्रमों की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह करेंगे। मुख्य वक्ता के तौर पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री, भारतीय इतिहास संकलन योजना संजय जी, विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान और बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य राजकुमार मित्तल को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष की जिम्मेदारी नववर्ष चेतना समिति के उपाध्यक्ष सुधीर एस हलवासिया निभाएंंगे। इस दिन के कार्यक्रमों का संयोजन डॉ हरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, रिटायर्ड आईएएस मणि प्रसाद मिश्रा, डॉ अजय सिंह कुशवाहा और कमलेन्द्र मोहन द्वारा किया गया है।

द्वितीय दिवस का कार्यक्रम चैत्र शुक्ल द्वितीया, विक्रम संवत् 2083 (शुक्रवार) को सायं पांच बजे से श्री खाटू श्याम मंदिर प्रांगण, बीरबल साहनी मार्ग, हनुमान सेतु मंदिर के पीछे लखनऊ में होगा। जिसमें मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन व्यापार मंडल लखनऊ एवं संरक्षक नववर्ष चेतना समिति राजेन्द्र अग्रवाल करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष गिरीश चन्द्र मिश्रा एवं संस्कार भारती अवध प्रांत की कार्यकारिणी सदस्य शिवा सिंह को आमंत्रित किया गया है।

दूसरे दिन के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बाबा सत्यनारायण मौर्य एवं उनकी टीम द्वारा रंगारंग नाटिका के माध्यम से वंदेमातरम पर आधारित विशेष प्रस्तुति होगी। इस दिन के कार्यक्रमों का संयोजन श्री श्याम परिवार के सचिव रूपेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नववर्ष चेतना समिति राधेश्याम सचदेवा, समिति के कार्यालय प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा तथा समिति के सम्पर्क प्रमुख शेष नाथ सिंह द्वारा किया गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story