बंगाल और असम चुनाव परिणाम के बाद राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन नेता प्रतिपक्ष पद से हटा देगा : आचार्य प्रमोद कृष्णम

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल और असम चुनाव परिणाम के बाद राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन नेता प्रतिपक्ष पद से हटा देगा : आचार्य प्रमोद कृष्णम


गाजियाबाद, 03 मई (हि.स.)। श्री कल्कि धाम' के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होने कहा है कि अब वक्त आ गया है कि राहुल गांधी को अपने नाम से 'गांधी' शब्द को हटा लेना चाहिए। प्रमोद कृष्णम ने इसके पीछे की वजह भी बताई है।

रविवार को जनपद गाजियाबाद में एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उन्होंने हमारे संवाददाता से बातचीत करते हुए कहा अब वक्त आ गया कि राहुल गांधी को अब अपने नाम से गांधी शब्द हटा लेना चाहिए। क्योंकि महात्मा गांधी का कोई भी लक्षण उनमें नजर नहीं आता है और विपक्ष भी जान चुका है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में बीजेपी को नहीं हराया जा सकता है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा ‘मजेदार बात ये है कि कांग्रेस पार्टी के सभी नेता ये जानते हैं कि राहुल गांधी से अब लड़ाई नहीं लड़ी जाएगी। एक के बाद एक चुनाव हारे जा रहे हैं और ये जो गांधी शब्द है, राहुल गांधी को गांधी के रूप में देश ने स्वीकार नहीं किया है। इतिहास साक्षी है कितनी भी विपरीत परिस्थिति हुई लेकिन देश ने महात्मा गांधी का साथ नहीं छोड़ा। लेकिन अब देश की जनता ये मान चुकी है कि राहुल गांधी को गांधी के रूप में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। इसलिए मैं आग्रह करना चाहता हूं और आप देख लेना असम और बंगाल के परिणाम (चुनाव) के बाद राहुल गांधी को पूरा विपक्ष (इंडिया गठबंधन) नेता प्रतिपक्ष के पद से हटा देगा। क्योंकि उनमें संभावनाएं खत्म हो चुकी हैं। ये एक बड़ा सवाल है देश के लोकतंत्र के सामने कि जहां नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त कद्दावर नेता मौजूद हो वहां विपक्ष का नेता एक जोकर की तरह हरकत करता हो।

आचार्य प्रमोद कृष्णम को कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 06 साल के लिए निष्कासित किया था। निष्कासन के फैसले से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इसके बाद से ऐसे कयास लगाए गए कि वे बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। खुद के खिलाफ हुए इस एक्शन के बाद कृष्णम ने एक्स (तब ट्विटर) पर लिखा था कि 'राम और “राष्ट्र” पर “समझौता” नहीं किया जा सकता।' पार्टी से निष्कासन के बाद से ही वे अलग-अलग मंचों पर राहुल गांधी के खिलाफ बयान देते रहे हैं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राम मंदिर के मुद्दे पर भाजपा का समर्थन किया था। उन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बहिष्कार करने के कांग्रेस के निर्णय की सार्वजनिक रूप से कड़ी आलोचना की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story