भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए विविध आयामों को आगे बढ़ाना होगा — रजनी तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए विविध आयामों को आगे बढ़ाना होगा — रजनी तिवारी


लखनऊ, 22 अप्रैल(हि.स.)। लखनऊ में ए.पी.सेन मेमोरियल गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में विकसित भारत 2047 : विविध आयाम विषय पर आयोजित संगोष्ठी में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शिक्षा, नवाचार, महिला सशक्तीकरण और आर्थिक विकास जैसे विविध आयामों को समेकित रूप से आगे बढ़ाना होगा।

प्रदेश सरकार में मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था आज भारत की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है, जो योगी सरकार की दूरदर्शी नीतियों और योजनाओं का प्रतिफल है। प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को रोज़गारपरक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज की प्राचार्य एवं मुख्य वक्ता प्रो. वीना राय ने भारत की विकास यात्रा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विचार साझा किए। राज्य सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री ने नारी सशक्तीकरण को विकसित भारत की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह लक्ष्य 2047 से पहले भी प्राप्त किया जा सकता है। ए.पी.सेन काॅलेज की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने संगोष्ठी के उद्देश्य और विषयवस्तु की प्रस्तावना प्रस्तुत की। प्राचार्या ने बताया कि यह संगोष्ठी विकसित भारत के बहुआयामी स्वरूप को समझने और उस दिशा में शैक्षणिक पहलुओं की भूमिका तय करने हेतु आयोजित की गई है।

संगोष्ठी के तकनीकी सत्रों में देशभर से आए विद्वानों, शिक्षाविदों एवं शोधार्थियों ने राजनीति, साहित्य, विज्ञान, कला और अर्थव्यवस्था जैसे विविध विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए। प्रो. मनोज पाण्डेय, प्रो. मंजुला यादव और डॉ. ऋतु तिवारी ने सत्रों की अध्यक्षता की। समापन सत्र के मुख्य अतिथि प्रो.अनिल त्रिगुणायत ने युवाओं को सरकारी नौकरियों की सीमाओं से परे जाकर नवाचार एवं कौशल विकास के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र

Share this story