राष्ट्र निर्माण की यात्रा में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका : डीआरएम विनीता श्रीवास्तव

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्र निर्माण की यात्रा में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका : डीआरएम विनीता श्रीवास्तव


मुरादाबाद, 15 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में आज स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों एवं विभिन्न कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

रेलवे स्टेडियम, मुरादाबाद में आयोजित समारोह में उपस्थित सभी ने राष्ट्रगीत वंदेमातरम् गाया। इसके उपरांत रेलवे स्टेडियम, मुरादाबाद में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात परेड कमांडर के नेतृत्व में परेड दल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक को सलामी दी गई।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने उपस्थित रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग, संघर्ष एवं बलिदान के परिणामस्वरूप भारत एक सशक्त एवं जीवंत लोकतंत्र के रूप में निरंतर प्रगति कर रहा है।

डीआरएम ने आगे कहा कि राष्ट्र निर्माण की यात्रा में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारतीय रेल देश के विभिन्न क्षेत्रों एवं राज्यों को आपस में जोड़ते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक ठाकुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रेलवे स्टेडियम, मुरादाबाद परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story