विनियमितिकरण नहीं हुआ तो 6 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना : वीरेंद्र कुमार

WhatsApp Channel Join Now
विनियमितिकरण नहीं हुआ तो 6 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना : वीरेंद्र कुमार


कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। 11 माह पहले जारी विनियमितिकरण के आदेश का आज तक अनुपालन नहीं हुआ, जिससे कर्मचारियों में गहरा रोष है और अब आंदोलन ही एकमात्र विकल्प बचा है। छह अप्रैल से जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।” लंबे समय से लम्बित मांगों को लेकर सीजनल अमीनों और अनुसेवकों ने कड़ा रुख अपना लिया है। यह बातें शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कही।

राजस्व संग्रह सीजनल अमीन कर्मचारी सेवक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक तहसील सदर में की गई, जिसमें सीजनल संग्रह अमीनों और अनुसेवकों के विनियमिति करण की मांग को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में छह अप्रैल से जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शासन के निर्देश पर राजस्व परिषद द्वारा विनियमितिकरण का आदेश जारी किया गया था, लेकिन 11 माह बीतने के बाद भी इसका अनुपालन नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते सीजनल कर्मचारियों के साथ अन्याय हो रहा है और कई कर्मचारी बिना विनियमितिकरण के ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकांश कर्मचारी जीवन के अंतिम पड़ाव पर हैं, ऐसे में उनकी मांगों की अनदेखी गंभीर विषय है।

जिलाध्यक्ष प्रवीण बाजपेई ने कहा कि अब कर्मचारी अन्याय के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं और बिना विनियमितिकरण के आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में संग्रह अमीनों और अनुसेवकों के पर्याप्त पद रिक्त होने के बावजूद नियमितीकरण नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है।

बैठक में संजय श्रीवास्तव, सुरेन्द्र मिश्रा, देवेन्द्र कुमार, योगेश कुमार, महावीर कुरील, बालक राम और दशरथ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story