बिजनौर एवं संभल में दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या बढ़ना चिंताजनक : कमिश्नर

WhatsApp Channel Join Now
बिजनौर एवं संभल में दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या बढ़ना चिंताजनक : कमिश्नर


मुरादाबाद, 20 मई (हि.स.)। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराजजी की उपस्थिति में वर्ष 2026 की प्रथम मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कमिश्नरी सभागार में बुधवार को हुई। कमिश्नर ने जनपद बिजनौर एवं संभल में दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या बढ़ने पर विशेष रूप से प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

बैठक में मण्डलायुक्त ने मण्डल के समस्त जनपदों में मानक के अनुसार निर्धारित जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा की बैठकें आयोजित कराने हेतु निर्देशित किया। संभाग के समस्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट लगाये एवं तीन सवारी बैठाये दो पहिया वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी चालान की कार्यवाही की जाये। सभी ब्लैक स्पॉट्स पर अल्पकालिक सुधारात्मक कार्यवाही के साथ-साथ दीर्घकालिक सुधारात्मक कार्यवाही की जाये तथा जिसमें मार्किंग, रोड साइनेज, स्पीड टेबल पर मार्किंग आदि हेतु निर्देशित किया गया। सोलेशियम स्कीम के अन्तर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता के संबंध में अवशेष प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मानक के अनुसार निर्धारित जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित करायी जाएं।

दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के दृष्टिगत ओवरस्पीड के संबंध में विशेष रूप से डम्परों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही हेतु मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया। ओवरस्पीड ट्रैक्टरों के विरुद्ध भी प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने जनपद के अन्य प्रवर्तन अधिकारियों को भी सड़क दुर्घटनाओं की संख्या, मृतकों की संख्या एवं घायलों की संख्या में कमी लाने हेतु प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

बैठक में अतुल कुमार अपर नगर आयुक्त, पंकज वर्मा सचिव मुरादाबाद विकास प्राधिकरण, सुभाष चन्द्र गंगवार पुलिस अधीक्षक यातायात, राजेश सिंह संभागीय परिवहन अधिकारी, संदीप कुमार पंकज संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन, अनुराग यादव आरएम मुरादाबाद, राजेश सिंह सीओ ट्रैफिक, सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story