बहराइच के प्रणव मिश्र ने टेनिस में लहराया परचम, नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में हासिल किया तीसरा स्थान
बहराइच, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के होनहार टेनिस खिलाड़ी प्रणव मिश्र ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बहराइच का नाम रोशन किया है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा की पुरुष टेनिस टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रणव ने नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टेनिस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है।
प्रणव की इस उपलब्धि के साथ ही स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा की टीम ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। अब आगामी जनवरी माह में हैदराबाद में होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टेनिस प्रतियोगिता में प्रणव अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता में भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
जनपद के खिलाड़ी की इस शानदार उपलब्धि पर सांसद आनंद कुमार गोंड ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रणव की सफलता पूरे बहराइच के लिए गर्व की बात है। जिले के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। ऐसे होनहार खिलाड़ी अपनी मेहनत और लगन से जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने प्रणव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
प्रणव की सफलता से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।
स्टेशन क्लब बहराइच के टेनिस कोच आदिदेव मिश्र ने भी उनकी उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए इसे जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

