आयकर विभाग की टीम ने आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर की एक साथ कार्रवाई, व्यापारिक जगत में मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
आयकर विभाग की टीम ने आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर की एक साथ कार्रवाई, व्यापारिक जगत में मचा हड़कंप


विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

मथुरा, 13 नवम्बर (हि.स.)। आयकर विभाग ने मथुरा, वृंदावन और आगरा में शुक्रवार एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों और कारोबारियों के ठिकानों पर सर्वे शुरू किया। मथुरा-वृंदावन में गाजियाबाद से पहुंची विभाग की टीमों ने रेडिशन होटल और शंकर सेठ के गुरुकृपा होटलों सहित कई स्थानों पर दोपहर तक कार्रवाई जारी रखी, जिससे शहर के व्यापारिक जगत में खलबली मच गई। वहीं, आगरा में एमजी रोड और बोदला सिकंदरा रोड स्थित तनिष्क शोरूम के साथ-साथ संचालक अनुराग बंसल के अनुपम ओरियन अपार्टमेंट पर भी आयकर विभाग के छापे की सूचना है।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई के दायरे में शहर के नामचीन बिल्डर, होटल मालिक, टिंबर मर्चेंट व्यापारी और प्रसिद्ध ज्वेलर्स प्रतिष्ठान शामिल बताए जा रहे हैं। गाजियाबाद से पहुंची आयकर विभाग की टीमों ने वृंदावन स्थित रेडिसन होटल सहित कई अन्य ठिकानों पर पहुंचकर वित्तीय लेन-देन और कारोबारी अभिलेखों की गहन पड़ताल की। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीमों ने शुक्रवार सुबह करीब पाँच बजे इस ऑपरेशन की शुरुआत की। इसके लिए लगभग चार दर्जन वाहनों में सवार होकर अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी टीमें मथुरा पहुँची थीं। टीमों ने विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर कारोबारी दस्तावेजों, रिकॉर्ड्स और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजातों की जाँच शुरू की। कार्रवाई के दौरान गोपनीयता और सख्ती बरतते हुए जिन प्रतिष्ठानों पर टीमें पहुँचीं, वहाँ मौजूद कर्मचारियों, फर्मों से जुड़े लोगों और वाहन चालकों को भी बाहर जाने से रोक दिया गया। उन्हें जाँच पूरी होने तक परिसर के अंदर ही रोके रखा गया ताकि साक्ष्यों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न हो सके। शंकर सेठ से जुड़े ठिकानों पर पहुंची टीम ने दस्तावेज कारोबारी रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से संबंधित अभिलेखों की जांच-पड़ताल की। सूत्रों के अनुसार, डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े कुछ लोगों के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई होने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में अभी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी या पुष्टि नहीं की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776754 Articles

Share this story