ई-ऑटो और पिकअप की भिड़ंत, महिला समेत तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ई-ऑटो और पिकअप की भिड़ंत, महिला समेत तीन की मौत


बाराबंकी, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में देवा थाना क्षेत्र में रविवार को फतेहपुर-देवा मार्ग पर ई-ऑटो और पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ई-ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल पांच अन्य लोगों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फतेहपुर की ओर से आ रहा ई-ऑटो (यूपी 32 टीटी 6911) देवा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पिकअप (यूपी 34 डीटी 8974) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-ऑटो में सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान एक महिला की भी मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सीतापुर जनपद के थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र के ग्राम मालनपुरवा निवासी राजकुमार उर्फ उस्मान (29) पुत्र सुरजीत चौहान, रामविलास (24) पुत्र बुद्धू निषाद और थाना बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम जगायपुर निवासी सोनी (35) पत्नी जितेंद्र हैं।

दुर्घटना में अयोध्या निवासी जितेंद्र (38), सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र के रामपुर निषाद निवासी प्रवेश, अपनापुर निवासी रणधीर (35) पुत्र राम सिंह यादव और रिंकू यादव (27) पुत्र दर्शन यादव तथा बाराबंकी के फतेहपुर की नई बस्ती कटरा निवासी ई-ऑटो चालक मैनुद्दीन (22) घायल हुए हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

देवा थाना प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि पिकअप चालक अंकित मौर्य को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781553 Articles

Share this story